मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रस्तावित आईटीआई के लिए फैगुल में भूमि का निरीक्षण
11 नाली भूमि पर इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर और फिटर ट्रेड शुरू करने की तैयारी, डीएम ने छात्र सर्वे कराने के दिए निर्देश

नई टिहरी, 20 जून(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की स्थापना को लेकर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने शनिवार को टिहरी के नकोट क्षेत्र के ग्राम फैगुल में प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने भूमि की उपलब्धता एवं उसकी उपयुक्तता का परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नई टिहरी की प्रधानाचार्य पल्लवी ने बताया कि प्रस्तावित आईटीआई की स्थापना के लिए लगभग 11 नाली भूमि की आवश्यकता होगी। उन्होंने जानकारी दी कि संस्थान में प्रारंभिक चरण में इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर एवं फिटर ट्रेड संचालित करने का प्रस्ताव है, जिनमें इंटरमीडिएट के बाद एक वर्षीय और द्विवर्षीय प्रशिक्षण पाठ्यक्रम उपलब्ध होंगे।
प्रधानाचार्य ने बताया कि वर्तमान में नकोट आईटीआई में 9 तथा चाका आईटीआई में 15 छात्र नामांकित हैं, जहां फिलहाल फिटर ट्रेड संचालित की जा रही है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रस्तावित आईटीआई के आसपास के गांवों में हाईस्कूल स्तर के विद्यार्थियों का सर्वेक्षण कराया जाए, ताकि यह आकलन किया जा सके कि संस्थान की स्थापना से कितने विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था एनपीसीसी के प्रतिनिधियों को अगली बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी टिहरी कमलेश, भू-वैज्ञानिक रवि सहित ग्राम फैगुल के ग्रामवासी उपस्थित रहे।










