Blog

सस्टेनेबल योग नगरी के रूप में ऋषिकेश को राष्ट्रीय सम्मान, सिल्वर स्कॉच अवार्ड से नवाजा गया

स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के नवाचारों को मिली देशभर में पहचान

ऋषिकेश/नई दिल्ली, 20 जून(दिलीप शर्मा): नगर निगम ऋषिकेश को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रतिष्ठित “सस्टेनेबल योग नगरी” सिल्वर स्कॉच अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में आयोजित 108वें स्कॉच अवार्ड समिट के दौरान नगर निगम ऋषिकेश की टीम को प्रदान किया गया।

स्कॉच अवार्ड को भारत के सर्वोच्च स्वतंत्र नागरिक सम्मानों में से एक माना जाता है, जो सुशासन, नवाचार, सामाजिक विकास और उत्कृष्ट सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों को दिया जाता है।

नगर निगम ऋषिकेश को यह सम्मान शहर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए किए गए अभिनव प्रयासों के कारण प्राप्त हुआ। निगम द्वारा लेगेसी वेस्ट रिमेडिएशन, वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना एवं संचालन, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण अभियान तथा शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया गया।

इसके अलावा त्रिवेणी घाट एवं आस्था पथ की नियमित सफाई, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध अभियान, गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (GVPs) का सौंदर्यीकरण, ईवी चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना, विद्यालयों में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत “कचरामैन” जैसी जनजागरूकता गतिविधियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।

इस अवसर पर तत्कालीन नगर आयुक्त ने इस उपलब्धि का श्रेय महापौर, सभी जनप्रतिनिधियों, नगर निगम की समस्त टीम तथा ऋषिकेश की जागरूक जनता को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, सहभागिता और समर्पण के कारण ही नगर निगम को यह राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है, जो पूरे ऋषिकेश के लिए गर्व का विषय है।

Related Articles

Back to top button