
ऋषिकेश/रायवाला, 20 जून(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के रायवाला मंडल अंतर्गत प्रतीत नगर ग्राम सभा में शनिवार को विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान फूलमालाओं और जयकारों के बीच क्षेत्रवासियों ने उनका अभिनंदन कर सम्मान व्यक्त किया।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक ने प्रतीत नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क निर्माण, मरम्मत तथा अन्य आवश्यक विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से लगभग 32 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
डॉ. अग्रवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण के कारण सरकार की योजनाएं प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, बिना बंगवाल, सरस्वती अधिकारी, अंजू बडोला, सुषमा तिवारी, लक्ष्मी गुरुंग, करण मौर्या, पंकज भंडारी, बबीता कमल कुमार, सतपाल सैनी, राकेश डंगवाल, सुरेश चंद कुकसाल, मान सिंह कलुड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।










