NEET परीक्षा की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, हाईड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण
पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा संचालन के लिए सुरक्षा, सीसीटीवी और मूलभूत सुविधाओं पर दिया विशेष जोर

टिहरी गढ़वाल, 20 जून(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल में आयोजित होने वाली NEET परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने शनिवार को भागीरथीपुरम स्थित हाईड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा परीक्षा से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की गरिमा एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।










