त्रिवेणी घाट पर भव्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह आयोजित
नगर निगम ऋषिकेश के आयोजन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सैकड़ों नागरिकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

ऋषिकेश, 21 जून(दिलीप शर्मा): अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश द्वारा त्रिवेणी घाट के पावन तट पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिकों, योग साधकों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे हुआ। नगर निगम द्वारा प्रतिभागियों को योग टी-शर्ट वितरित की गईं, जिसके उपरांत सभी ने गंगा तट पर सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान तथा भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वयं योगाभ्यास में सहभागिता करते हुए नागरिकों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, संदीप गुप्ता, कपिल गुप्ता, गंगा सभा के अध्यक्ष राहुल शर्मा, चंद्रशेखर शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवन दृष्टि का आधार है। उन्होंने कहा कि योग वह स्वर्णिम कुंजी है, जो स्वास्थ्य, प्रसन्नता और सफलता के द्वार खोलती है। इसलिए योग को केवल एक दिवस के आयोजन तक सीमित न रखकर दैनिक जीवनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथियों ने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय जनता को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया










