बौराड़ी स्टेडियम में धूमधाम से मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
विधायक किशोर उपाध्याय और जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के नेतृत्व में सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज का लिया संकल्प

योग दिवस के मुख्य आकर्षण
- बौराड़ी स्टेडियम में सामूहिक योगाभ्यास
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण
- नशा मुक्ति सेल्फी पॉइंट पर जागरूकता अभियान
- स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प
- अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों की व्यापक भागीदारी
नई टिहरी, 21 जून(दिलीप शर्मा): 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद टिहरी गढ़वाल के बौराड़ी स्टेडियम में भव्य योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रतिभाग करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
योग शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। सामूहिक योगाभ्यास के दौरान पूरे स्टेडियम में स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आज जब विश्व 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है, तब दुनिया के अधिकांश देश भी योग को अपनाकर भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति की महत्ता को स्वीकार कर रहे हैं।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों से योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल योग दिवस पर ही नहीं, बल्कि वर्ष के सभी 365 दिनों में योग को अपनाकर व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन कर स्वस्थ जीवन एवं स्वच्छ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा स्थापित नशा मुक्ति सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण का केंद्र रहा, जहां अतिथियों और प्रतिभागियों ने सेल्फी लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर कोलकाता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, प्रभागीय वनाधिकारी पुनीत तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक, योग प्रशिक्षक, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










