अंतर्राष्ट्रीय योग दिवसउत्तराखंडऋषिकेश

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम के तहत विद्यार्थियों को कराया गया योगाभ्यास, स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश में प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी के नेतृत्व में योग दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को योग के महत्व से अवगत कराने के साथ-साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया।

 

इस अवसर पर प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की आधिकारिक थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) है। उन्होंने कहा कि यह थीम बढ़ती उम्र के साथ बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक मजबूती तथा शारीरिक सक्रियता बनाए रखने पर केंद्रित है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार है।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक कन्हैया ठाकुर द्वारा छात्र-छात्राओं को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई।

वरिष्ठ प्रवक्ता एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह ने कहा कि योग शरीर को निरोग रखने की सबसे प्रभावी विधि है। यह हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति और ऋषि-मुनियों द्वारा प्रदत्त अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में योग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है, जिससे समाज के स्वास्थ्य स्तर में सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है।

कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी विकास नेगी, रंजन अंथवाल सहित एनसीसी के छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button