उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

जनता दरबार मे उमड़ी फरियादियों की भीड़, 51 शिकायतों पर जिलाधिकारी ने की सुनवाई 

पेयजल, मुआवजा, आपदा, अतिक्रमण और सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश, लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर जोर

जनता दरबार की प्रमुख शिकायतें

  • पेयजल संकट से जुड़ी कई शिकायतें
  • सड़क निर्माण प्रतिकर भुगतान की मांग
  • अतिक्रमण एवं अवैध कब्जे के मामले
  • सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग
  • सड़क कटान से प्रभावित पेड़ों के मुआवजे का मुद्दा
  • सीएम हेल्पलाइन व जन समर्पण पोर्टल की लंबित शिकायतों की समीक्षा

नई टिहरी, 22 जून(दिलीप शर्मा): जिला सभागार, नई टिहरी में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जनता दरबार में कुल 51 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, मुआवजा, आपदा, अतिक्रमण तथा अन्य जनहित से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

 

जनता दरबार में नई टिहरी सी ब्लॉक टाइप-3 की बीना सजवाण एवं अन्य महिलाओं ने एक निकटवर्ती आश्रम पर सड़क पर अवैध कब्जा करने, कूड़ा फेंकने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस, नगर पालिका एवं लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जाखणीधार विकासखंड के ग्राम करास के ग्रामीणों ने पेयजल संकट की समस्या उठाते हुए बताया कि वर्तमान में जलापूर्ति का संचालन स्वयं ग्रामीणों द्वारा किया जा रहा है, जिससे दिक्कतें बढ़ रही हैं। जिलाधिकारी ने पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए इसे विभागीय संचालन के अधीन लाने का सुझाव दिया।

जाख-कुट्ठा मोटर मार्ग निर्माण से प्रभावित ग्रामीणों ने भूमि प्रतिकर भुगतान की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग बौराड़ी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विकासखंड जौनपुर के ग्राम बंगसील की पूजा देवी ने पेयजल संकट की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने जल संस्थान को आवश्यक कार्रवाई करते हुए उप जिलाधिकारी धनोल्टी के माध्यम से रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

चंबा-पुरानी टिहरी मार्ग स्थित ग्राम पुरषोल निवासी हरिदास ने अपने घर के समीप सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग चंबा को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।

नई टिहरी बौराड़ी निवासी ध्यान सिंह नेगी ने पार्क एवं सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने तहसीलदार टिहरी को जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

वहीं, चंबा क्षेत्र के नागणी निवासी गुरु प्रसाद उबराल ने सड़क कटान के दौरान प्रभावित पेड़ों का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया कि शासन से धनराशि प्राप्त हो चुकी है और भुगतान की प्रक्रिया जारी है।

जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button