
ऋषिकेश/रायवाला, 22 जून(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए रायवाला के अडवाणी प्लाट, गौहरी माफी एवं खदरी खड़क माफ में संचालित चैनलाइजेशन कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति तथा तकनीकी मानकों की विस्तार से समीक्षा की।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य अत्यंत संवेदनशील होते हैं और इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि आगामी मानसून के दौरान क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि मानसून सीजन को देखते हुए बाढ़ सुरक्षा के सभी इंतजाम मजबूत और प्रभावी होने चाहिए। संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी रखते हुए जहां आवश्यकता हो, वहां अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराकर कार्यों में तेजी लाई जाए, जिससे संभावित आपदा की स्थिति में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी, पंचायत सदस्य गौरव चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य अनूप नेगी, पंचायत सदस्य अनीश, हरीश नेगी, बलवीर नेगी, गौहरी माफी ग्राम प्रधान ज्योति सेमवाल, पूर्व ग्राम प्रधान रोहित नौटियाल, देवेंद्र सेमवाल, रामचंद्र जोशी, नारायण सिंह कैंतूरा, सूरत सिंह नेगी, पूर्व ग्राम प्रधान स्वरूप सिंह पुंडीर, मोहन सिंह रावत, सुन्दरमणि शास्त्री, लाखीराम रतूड़ी, गुड्डी देवी, अखिलेश मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं सिंचाई विभाग के उपखंड अधिकारी सुरेंद्र श्रीकोटी एवं कनिष्ठ अभियंता अखिलेश झींकवान भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।










