उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनिरीक्षण

ढालवाला में एसटीपी और चन्द्रभागा चैनेलाइजेशन कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण

निर्माण कार्यों में तेजी लाने और मानसून से पूर्व समयबद्ध पूर्णता के दिए निर्देश

नई टिहरी, 25 जून(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को ढालवाला क्षेत्र में संचालित एवं निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तथा चन्द्रभागा नदी पर चल रहे चैनेलाइजेशन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

5 एमएलडी एसटीपी की कार्यप्रणाली का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ढालवाला-चोरपानी स्थित 5 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी का अवलोकन किया। उन्होंने प्लांट में संचालित विभिन्न शोधन प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की तथा शोधन के बाद निकलने वाले जल की गुणवत्ता का परीक्षण किया। साथ ही तकनीकी एवं संचालन कार्मिकों से चर्चा कर प्लांट के संचालन, रखरखाव और कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

निर्माणाधीन 8 एमएलडी एसटीपी को शीघ्र पूरा करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने ढालवाला क्षेत्र में निर्माणाधीन 8 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को योजना का लाभ शीघ्र मिल सके। इस दौरान चन्द्रभागा पुल के समीप प्रस्तावित नए एसटीपी के लिए चयनित भूमि का भी निरीक्षण किया गया।

चन्द्रभागा नदी पर चैनेलाइजेशन कार्यों में तेजी लाने पर जोर

चन्द्रभागा नदी पर चल रहे चैनेलाइजेशन कार्यों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने उपलब्ध मशीनरी और संसाधनों की समीक्षा की। उन्होंने आरबीएनएल की मशीनों को भी जल्द कार्यस्थल पर तैनात करने तथा जेसीबी मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग की मशीनें कार्यरत मिलीं।

नियमित निगरानी और समन्वय के निर्देश

जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों की नियमित प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करने तथा परियोजनाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून को देखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करें।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल, तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, डीडीएमओ बृजेश भट्ट, उप राजस्व निरिक्षक निधि थपलियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button