टिहरी में ‘सेवा पखवाड़ा’ का शुभारंभ, प्रभारी मंत्री गणेश जोशी बोले— सेवा, सुशासन और समर्पण से आगे बढ़ रही धामी सरकार
लाभार्थियों को चेक, महालक्ष्मी किट और सहायक उपकरण वितरित, विकास कार्यों और महिला सशक्तिकरण की उपलब्धियां गिनाईं

नई टिहरी, 4 जुलाई(दिलीप शर्मा): बौराड़ी नगर पालिका सभागार में शनिवार को “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत “सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण मंत्री एवं टिहरी के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने किया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की पांच वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि धामी सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने जैसे साहसिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने सिलक्यारा सुरंग रेस्क्यू का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार संकट की घड़ी में भी जनता के साथ मजबूती से खड़ी रही।
उन्होंने बताया कि टिहरी गढ़वाल में निर्धारित लक्ष्य से अधिक 437.59 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त किया गया है और टिहरी झील रिंग रोड सहित कई सड़कों के डामरीकरण व मरम्मत कार्य तेजी से चल रहे हैं। महिला सशक्तिकरण की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जनपद की करीब 23 हजार महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं।
सैनिक कल्याण से जुड़े निर्णयों का उल्लेख करते हुए गणेश जोशी ने बताया कि शहीद सैनिकों के आश्रितों के लिए अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। साथ ही शहीद परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में समायोजित करने और शहीदों के नाम पर विद्यालयों एवं सरकारी संस्थानों का नामकरण करने का निर्णय भी लिया गया है।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को चेक, समाज कल्याण विभाग के लाभार्थियों को सहायक उपकरण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पशुलोक, ऋषिकेश से आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग की विकास आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन तथा “संकल्प से सिद्धि तक” पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी ने देश को ऊर्जा देने के साथ-साथ अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान भी स्थापित की है। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि श्रीदेव सुमन सांस्कृतिक दल ने लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति से समां बांधा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।










