उत्तराखंडजनहितदेहरादून

मुख्यमंत्री धामी ने डीबीटी के जरिए 9.43 लाख पेंशन लाभार्थियों को जारी की दिसंबर माह की किश्त

140 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे बैंक खातों में, पारदर्शी व्यवस्था को बताया सरकार की प्राथमिकता

देहरादून,(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) प्रणाली के माध्यम से दिसंबर माह की पेंशन किश्त के रूप में 09 लाख 43 हजार 964 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 140 करोड़ 26 लाख 97 हजार रुपये की राशि ऑनलाइन हस्तांतरित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर वर्गों, वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं निराश्रितों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी शासन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सभी प्रकार के भुगतान डीबीटी प्रणाली के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में किए जा रहे हैं, जिससे समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।

मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धावस्था पेंशन के लिए 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र व्यक्तियों का 59 वर्ष की आयु से ही चिन्हीकरण किया जाए, ताकि पात्रता प्राप्त होते ही उन्हें बिना विलंब पेंशन का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि समाज का कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए पेंशन योजनाओं के अंतर्गत नियमित सत्यापन एवं निगरानी की प्रक्रिया को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी, अपर सचिव प्रकाश चंद्र सहित समाज कल्याण विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button