
ऋषिकेश, 6 अगस्त(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के छिद्दरवाला में बिना वैध परपत्रों के संचालित अवैध नशा मुक्ति केंद्र के बंद होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस लेते हुए ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। पूर्व ग्राम प्रधान सोबन सिंह कैंतुरा के नेतृत्व में क्षेत्रवासी ऋषिकेश स्थित विधायक के कैंप कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और कार्रवाई के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने कहा कि अवैध रूप से संचालित नशा मुक्ति केंद्र के कारण क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं, जिससे स्थानीय नागरिकों में असुरक्षा और चिंता का वातावरण बना हुआ था। उन्होंने बताया कि मामले को विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के संज्ञान में लाए जाने के बाद आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हुई, जिसके परिणामस्वरूप केंद्र को बंद किया गया और क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली।
विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित, कानून व्यवस्था और क्षेत्र की शांति बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े प्रत्येक गंभीर विषय पर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे क्षेत्र के विकास, सुरक्षा तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर उप प्रधान जोगीवाला माफी उत्तम भंडारी, संदीप कालूरा, विजय सिंह तयाल, हरदीप भंडारी, ललिता बगियाल, माहेश्वरी मेहर, रमेश भंडारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



