उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

चंबा बीडीसी बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन, जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर कार्रवाई के निर्देश

पेयजल, सड़क, स्वच्छता, पंचायत भवन और खेल सुविधाओं सहित कई मुद्दों पर हुई चर्चा, विधायक निधि से खरीदे गए कूड़ा निस्तारण वाहन को दिखाई हरी झंडी

 

नई टिहरी, 6 अगस्त(दिलीप शर्मा): टिहरी गढ़वाल के चंबा में गुरुवार को क्षेत्र पंचायत प्रमुख सुमन सजवाण की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधि पूरी प्रतिबद्धता से निभाएं अपनी जिम्मेदारी: किशोर उपाध्याय

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन और राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि चंबा ने प्रदेश को अनेक प्रेरणादायी उदाहरण दिए हैं और सबसे कम उम्र की क्षेत्र पंचायत प्रमुख का चुना जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था का सकारात्मक संकेत है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। गांवों को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनप्रतिनिधि इस अभियान में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।

ओएनजीसी देगी 2,000 सोलर लाइट, टिहरी बनेगा प्रमुख पर्यटन केंद्र

विधायक ने जानकारी दी कि ओएनजीसी की ओर से क्षेत्र में दो हजार सोलर लाइट उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनका चरणबद्ध तरीके से वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को ओबीसी घोषित किए जाने संबंधी सदन द्वारा पारित प्रस्ताव सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का टिहरी दौरा शीघ्र प्रस्तावित है और आने वाले समय में टिहरी देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बनाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज टिहरी में ही स्थापित होगा, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

मतदाता सूची पुनरीक्षण की दी जानकारी

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से भी सदन को अवगत कराया।

14 लाख की लागत से खरीदा गया कूड़ा निस्तारण वाहन हुआ रवाना

बैठक के दौरान विधायक निधि से लगभग 14 लाख रुपये की लागत से खरीदे गए कूड़ा निस्तारण वाहन को विधायक किशोर उपाध्याय और जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वाहन के संचालन से क्षेत्र में सूखे और गीले कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस पहल का सदन के सभी सदस्यों ने स्वागत किया।

जनप्रतिनिधियों ने उठाए स्थानीय समस्याओं के मुद्दे

बैठक में विभिन्न ग्राम पंचायतों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास प्रस्तावों को प्रमुखता से रखा।

सदस्य क्षेत्र पंचायत सौन्दकोटी प्रवीण नेगी ने जल संस्थान की पेयजल टंकी की पाइपलाइन के लिए चैंबर निर्माण की मांग की। वहीं सदस्य सुशील कुमार बहुगुणा ने रानीचौरी पंतनगर स्थित जर्जर पेयजल टैंक और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण उत्पन्न पेयजल संकट का स्थायी समाधान कराने की मांग उठाई।

ग्राम प्रधान गुल्डी नीलम सजवाण ने चंबा टनल के समीप ऑल वेदर रोड पर तेज रफ्तार वाहनों से ग्रामीणों को होने वाली परेशानी का मुद्दा उठाते हुए वहां स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप्स और डिवाइडर लगाए जाने की मांग की।

ग्राम प्रधान डारगी मंजू नेगी ने युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा, जबकि ग्राम प्रधान स्यूटा छोटा दर्शनी भंडारी ने जर्जर विद्युत लाइनों को बदलने की मांग की।

भंडारगांव के ग्राम प्रधान प्रवीण सिंह भंडारी ने पंचायत भवन के सुदृढ़ीकरण, बैठक हॉल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास की आवश्यकता बताई। वहीं गुनोगी की प्रधान सरोजनी देवी ने ग्राम पंचायत में सोलर लाइटें लगाए जाने का प्रस्ताव रखा। क्षेत्र पंचायत सदस्य अंजना ने नवीन पंचायत भवन और इंटरलॉक टाइलयुक्त मार्ग निर्माण की मांग रखी।

इसके अतिरिक्त वन विभाग, श्रम विभाग, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत, यूरेडा सहित अन्य विभागों से जुड़े विभिन्न विकास प्रस्ताव भी बैठक में प्रस्तुत किए गए।

संबंधित विभागों को दिए गए कार्रवाई के निर्देश

बैठक के अंत में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत विकास प्रस्तावों पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।

बैठक में ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय मैठाणी, कनिष्ठ उप प्रमुख सरोजनी मखलोगा, जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button