मुनिकीरेती-ढालवाला में निकली भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर क्षेत्र
पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण के नेतृत्व में निकली रैली, सभासदों और पालिका कर्मियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

मुनिकीरेती/टिहरी 13 अगस्त(दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की ओर से स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को नगर क्षेत्र में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण के नेतृत्व में निकली रैली में सभासदों एवं नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान पूरा नगर क्षेत्र ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
पालिकाध्यक्ष के नेतृत्व एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद के निर्देश पर सभासदगण और पालिका के समस्त कर्मचारी निकाय कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। यहां से सभी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर तिरंगा रैली के रूप में नगर क्षेत्र से होते हुए पीडब्ल्यूडी तिराहे तक पहुंचे। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाते हुए नागरिकों को राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।
देश की गरिमा और सम्मान बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व
रैली के दौरान पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि देशप्रेम केवल एक भावना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना हर नागरिक का धर्म है। उन्होंने कहा कि देशप्रेम के बिना किसी भी राष्ट्र की प्रगति संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ ही देश की गरिमा एवं सम्मान को बनाए रखने का निरंतर प्रयास करना चाहिए। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, इसलिए इसके प्रति सम्मान और गौरव की भावना प्रत्येक नागरिक के मन में होनी चाहिए।
सभासदों एवं पालिका कर्मियों ने लिया हिस्सा
तिरंगा रैली में सभासद विनोद खंड़ूड़ी, विनोद सकलानी, स्वाति पोखरियाल, सभासद प्रतिनिधि अजय रमोला, रोहित गोडियाल, सच्चिदानंद पैन्यूली, प्रशासनिक अधिकारी दिनेश कृषाली, अवर अभियंता सचिन, लेखाकार प्रद्युमन कृषाली, प्रधान सहायक कैलाश सेमवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, लिपिक संजय सिंह, अमित नेगी, अनुज, आकाश कैंतूरा, जितेंद्र सिंह सजवाण, संदीप बिष्ट, आशीष कुड़ियाल, केदार मिश्रवाण, सफाई सुपरवाइजर मायाराम, राजू सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
रैली के माध्यम से नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।



