हर घर तिरंगा अभियान: नई टिहरी में गूंजा देशभक्ति का संदेश, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ
तिरंगा रैली में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा, ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ पर केंद्रित रही प्रदर्शनी




नई टिहरी, 14 अगस्त(दिलीप शर्मा): स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के तहत नई टिहरी में केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया।
इस अवसर पर नई टिहरी में आयोजित तिरंगा रैली में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बना। चम्बा ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली ने क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए अधिक से अधिक लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक: गणेश जोशी
फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवपूर्ण यात्रा और देश के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को सराहा।
‘हर घर तिरंगा’ से लेकर ‘विभाजन की विभीषिका’ तक इतिहास से कराया रूबरू
नई टिहरी में लगाई गई विशेष फोटो प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत तथा वर्ष 1947 में हुए भारत विभाजन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों और आम नागरिकों को देश के स्वतंत्रता संघर्ष तथा विभाजन के दौरान घटित घटनाओं को समझने का अवसर प्रदान किया।
तिरंगा हाथों में लेकर निकले विद्यार्थी, गूंजे देशभक्ति के नारे
कार्यक्रम के दौरान श्री देव सुमन पार्क से तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में चम्बा ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, स्थानीय नागरिक, अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।
रैली के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी का संदेश दिया गया। अपर जिला मजिस्ट्रेट शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता और जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी रैली में प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अभियान से जुड़ने के साथ ही देश के प्रति जिम्मेदार एवं बेहतर नागरिक बनने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मिला सम्मान
केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से 13 अगस्त को नई टिहरी के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी मुख्य अतिथि गणेश जोशी ने सम्मानित किया। कविता, चित्रकला और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावनाओं को अभिव्यक्त किया।
कविता प्रतियोगिता
कविता प्रतियोगिता में वीबीएस पब्लिक स्कूल की कुमारी आकृति ने प्रथम, ऑल सेंट कान्वेंट स्कूल की कुमारी अवंतिका ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रतिमा चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता
चित्रकला प्रतियोगिता में ऑल सेंट कान्वेंट स्कुल के आरूम हुसैन ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की आरुषी ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की खुशी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में ऑल सेंट कान्वेंट स्कूल की रिद्धिमा ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कुमारी फाइजा ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की रहनुमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों के लिए जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित
केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि फोटो प्रदर्शनी के साथ विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज और देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना तथा उनके भीतर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करना है।
प्रताप इंटर कॉलेज में लगी ‘विभाजन की विभीषिका’ प्रदर्शनी
वहीं, विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर प्रताप इंटर कॉलेज, टिहरी में सूचना विभाग टिहरी की ओर से भारत विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और उस दौर की पीड़ादायक स्मृतियों को दर्शाने वाली विशेष प्रदर्शनी लगाई गई।
प्रदर्शनी में वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, संघर्ष और अपने घर-बार से बिछड़ने की घटनाओं को तस्वीरों एवं विवरण के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य नई पीढ़ी को विभाजन के इस दर्दनाक अध्याय से परिचित कराने के साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द का संदेश देना रहा।
विभाजन के बाद टिहरी पहुंचे परिवारों के सदस्यों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान से विभाजन के पश्चात टिहरी पहुंचे परिवारों के सदस्यों को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान वातावरण भावुक हो उठा। विभाजन की पीड़ा झेलकर टिहरी पहुंचे परिवारों की स्मृतियों और संघर्ष को सम्मानित करते हुए कार्यक्रम ने इतिहास के उस दौर को याद किया, जिसने लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित किया था।
यह आयोजन नई पीढ़ी को इतिहास की सच्चाइयों से जोड़ने के साथ-साथ देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का प्रभावी संदेश देने वाला रहा।
बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में टिहरी की जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खण्डेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, चम्बा ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सुमन सजवाण सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, स्थानीय नागरिक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित इन कार्यक्रमों ने नई टिहरी में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को नई ऊर्जा दी। फोटो प्रदर्शनी, तिरंगा रैली और विद्यार्थियों की रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश प्रभावी रूप से दिया गया।


