श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
मुख्य अतिथि डीबीपीएस रावत ने 700 छात्र-छात्राओं को बांटे कलम के सेट, एनसीसी कैडेट्स हुए सम्मानित




ऋषिकेश, 15 अगस्त(दिलीप शर्मा): श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत एवं प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डीबीपीएस रावत ने विद्यालय के करीब 700 छात्र-छात्राओं को पांच-पांच कलम का सेट वितरित किया। उन्होंने कहा कि कलम केवल लिखने का साधन नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण की ताकत है। विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपने भविष्य का निर्माता बन सकता है।

प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले महान पुरुषों और क्रांतिकारियों को राष्ट्र सदैव याद रखेगा। उन्होंने देश की सीमाओं पर विषम परिस्थितियों में सुरक्षा कर रहे सेना के जवानों को भी शत-शत नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अजय कुमार धीमान की पहल ‘पहला ग्रीन बर्थडे-365 दिन वृक्षारोपण’ के तहत पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर लोगों से जन्मदिन पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की गई।
एनसीसी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैडेट्स को मुख्य अतिथि डीबीपीएस रावत, प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी एवं एनसीसी अधिकारी विकास नेगी ने बैच अलंकृत कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय स्तर के मंच संचालक डॉ. सुनील दत्त थपलियाल ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता शिव प्रसाद बहुगुणा, जयकृत सिंह रावत, NSS अधिकारी संजीव चौधरी सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





