



ऋषिकेश, 18 अगस्त(दिलीप शर्मा): चंद्रेश्वर नगर क्षेत्र में चंद्रभागा नदी का जलस्तर बढ़ने की सूचना पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर नदी के बढ़ते जलस्तर और बरसाती पानी से उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली तथा बाढ़ सुरक्षा एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
विधायक निधि से बने पुस्ते ने बचाए मकान
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद रूपा देवी ने बताया कि विधायक निधि से करीब ₹3.50 लाख की लागत से निर्मित पुस्ते के कारण बरसाती पानी के तेज बहाव के बावजूद क्षेत्र में स्थित मकानों को नुकसान नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि पुस्ते के निर्माण से क्षेत्र को बड़े नुकसान से बचाने में मदद मिली। पार्षद ने बाढ़ सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए विधायक डॉ. अग्रवाल का आभार व्यक्त किया।
क्षतिग्रस्त पुस्ते की शीघ्र मरम्मत के निर्देश
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बरसाती पानी के तेज बहाव से क्षतिग्रस्त हुए पुस्ते की मरम्मत के लिए विधायक निधि से ₹3 लाख की घोषणा करते हुए संबंधित स्तर पर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य शीघ्र शुरू किए जा सकें।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव और नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण संभावित नुकसान को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश
विधायक ने अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि किशन मंडल, गायत्री देवी, सावित्री देवी, शैला देवी, जुगल राजभर, राजेश चौहान, गिरजा राजभर, कमलेश्वर राजभर, मेवालाल राजभर, तुलाराम थापा, बल बहादुर थापा, शांति थापा, लक्ष्मी देवी, अमित थापा, रजनी थापा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





