महिला के पर्स से चोरी हुए 16.50 लाख के आभूषण व नकदी बरामद, ऋषिकेश पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
केले की ठेली पर बातचीत में उलझाकर चोरी की वारदात को दिया था अंजाम, बिहार भागने की फिराक में था आरोपी




ऋषिकेश, 19 अगस्त(दिलीप शर्मा): कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने महिला के पर्स से लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण, नकदी समेत शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद किया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 16.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को मंशा देवी, गुमानीवाला निवासी सुमन राणा पत्नी महिपाल राणा ने चौकी आईडीपीएल में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह अपनी पुत्री की शादी के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा से सोना लेकर आई थीं। इसके बाद पंवार ज्वैलर्स से तीन सोने की चैनों में टांके लगवाए गए थे।
वादिनी ने तीन सोने की चैन, एक सोने का गले का नेकलेस, एक जोड़ी सोने की झुमकी, दो जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, एक चांदी का ब्रेसलेट तथा 64 हजार रुपये नकद भूरे रंग के पर्स में रखे थे। इस पर्स को उन्होंने अपने काले रंग के बड़े पर्स के अंदर रखा हुआ था।
केले खरीदने के दौरान चोरी हुआ पर्स
सुमन राणा भरत विहार गेट के पास केले की ठेली पर केले लेने के लिए रुकी थीं। इस दौरान उन्होंने ठेली संचालक राजकुमार को 50 रुपये का भुगतान गूगल-पे के माध्यम से किया। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि काले रंग के बड़े पर्स के अंदर रखा भूरे रंग का पर्स गायब था।
पर्स में लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। वादिनी की तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 398/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत राजकुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने सक्रिय किया मुखबिर तंत्र
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मामले के शीघ्र अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण देहरादून के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश के नेतृत्व में चौकी आईडीपीएल प्रभारी उपनिरीक्षक अमित कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाने के साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और आरोपी की तलाश में लगातार सुरागरसी की।
योगनगरी रेलवे स्टेशन से दबोचा गया आरोपी
19 अगस्त को पुलिस टीम चोरी के माल और आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सिटी गेट के पास मुखबिर खास ने सूचना दी कि मुकदमे में वांछित राजकुमार योगनगरी रेलवे स्टेशन की ओर गया है और बिहार भागने की फिराक में है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी की। मुखबिर ने दूर से आरोपी की पहचान कराई और मौके से चला गया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने आवश्यक बल प्रयोग कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजकुमार पुत्र स्वर्गीय शिव शाह, निवासी सिसवा सरियामन, थाना बैरिया, जनपद बेतिया, बिहार, उम्र करीब 35 वर्ष बताया।
लाल कपड़े में छिपाकर रखा था चोरी का माल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास मौजूद लाल रंग के कपड़े में लिपटे सामान की तलाशी लेने पर उसके अंदर भूरे रंग का पर्स बरामद हुआ। पर्स के अंदर सोने के आभूषण और नकदी मौजूद थी।
पुलिस ने मौके पर वादिनी को बुलाकर बरामद सामान की शिनाख्त कराई। वादिनी ने बरामद सभी सामान को अपना चोरी हुआ सामान बताया। चोरी का माल बरामद होने पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। आरोपी को धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला वारदात का तरीका
पूछताछ में आरोपी राजकुमार ने पुलिस को बताया कि 18 अगस्त को सुमन राणा उसकी केले की ठेली पर केले लेने आई थीं। उसने बातचीत में उन्हें उलझाया और इसी दौरान उनके काले रंग के बड़े पर्स के अंदर रखा भूरे रंग का पर्स चोरी कर लिया। पर्स में सोने के आभूषण और नकदी थी।
आरोपी ने बताया कि चोरी के माल को लेकर वह बिहार भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास उसे पकड़ लिया।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया—
- तीन सोने की चैन
- एक सोने का गले का नेकलेस
- दो जोड़ी सोने के कान के टॉप्स
- एक जोड़ी सोने की झुमकी
- एक चांदी का ब्रेसलेट
- 63 हजार रुपये नकद
- भूरे रंग का पर्स
- बैंक ऑफ बड़ौदा की तीन जमा पर्चियां, जिन पर वादिनी सुमन राणा का नाम अंकित है
गिरफ्तार आरोपी
राजकुमार पुत्र स्वर्गीय शिव शाह, निवासी सिसवा सरियामन, थाना बैरिया, जनपद बेतिया, बिहार, उम्र करीब 35 वर्ष।
पुलिस के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल 260 गौरव यादव तथा कांस्टेबल 309 अंकुर कुमार शामिल रहे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा हुआ, वहीं शादी के लिए जुटाए गए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी भी पीड़िता को वापस मिल गए।





