उप जिला अस्पताल नरेंद्रनगर में जटिल सर्जरी सफल, 700 ग्राम का रक्त से भरा गर्भाशय निकाला
करीब ढाई घंटे तक चला ऑपरेशन, चिकित्सकों की टीम ने समन्वय से निभाई जिम्मेदारी




टिहरी गढ़वाल, 19 अगस्त(दिलीप शर्मा): नरेंद्रनगर स्थित उप जिला अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने एक जटिल सर्जिकल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। असामान्य गर्भाशय रक्तस्राव और निचले पेट में दर्द की शिकायत के साथ अस्पताल पहुंची महिला की आवश्यक जांच एवं चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसकी सर्जरी का निर्णय लिया गया।
करीब ढाई घंटे तक चले ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों ने लगभग 700 ग्राम वजन का रक्त से भरा हुआ गर्भाशय सफलतापूर्वक निकाल दिया। ऑपरेशन की जटिलता को देखते हुए चिकित्सकीय टीम ने आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया।
डॉ. वर्षा पवार के नेतृत्व में हुआ ऑपरेशन
सर्जिकल टीम का नेतृत्व डॉ. वर्षा पवार ने किया। जनरल सर्जन डॉ. दीपाशा वर्मा ने ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं एनेस्थीसिया टीम में डॉ. अनुराग अग्रवाल एवं डॉ. शिवानी शामिल रहे। टीम द्वारा मरीज को सामान्य बेहोशी प्रदान करने के साथ नियंत्रित श्वसन एवं वेंटिलेटर सपोर्ट के माध्यम से एनेस्थीसिया प्रबंधन किया गया।
ऑपरेशन थिएटर टीम में गीता सिस्टर और अमित वार्ड बॉय ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
क्षेत्रवासियों को मिल रही बेहतर सर्जिकल सुविधाएं
उप जिला अस्पताल नरेंद्रनगर के CMS डॉ. अमित राय ने सफल ऑपरेशन के लिए पूरी चिकित्सकीय एवं OT टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में अब हर्निया, हाइड्रोसील, गॉलब्लैडर सहित विभिन्न सर्जिकल ऑपरेशन भी किए जा रहे हैं। इससे नरेंद्रनगर एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों अथवा दूरस्थ अस्पतालों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी।
विशेषज्ञ सेवाओं को मजबूत करने पर जोर
CMS डॉ. अमित राय ने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं और सर्जिकल सुविधाओं को और अधिक मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध होने से क्षेत्रीय जनता को समय पर और सुलभ चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संपन्न करने वाली पूरी चिकित्सकीय टीम एवं ऑपरेशन थिएटर स्टाफ को बधाई देते हुए उनके समर्पण और समन्वित प्रयासों की सराहना की।





