बैंकिंग एवं वित्तीय योजनाओं की प्रगति की सीडीओ ने की समीक्षा
जिला सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को लक्ष्य समय से पहले पूरा करने के निर्देश

टिहरी गढ़वाल, 20 अगस्त(दिलीप शर्मा): जिला सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी टिहरी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बैंकिंग एवं वित्तीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। एलडीएम मनीष मिश्रा ने बैंकिंग सेवाओं और सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं की वर्तमान प्रगति से समिति को अवगत कराया।
बैठक में बताया गया कि आरबीआई के निर्देशों के क्रम में जिले के टीयर-6 सेंटरों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के लिए 146 बैंक शाखाओं, 239 पोस्ट पेमेंट बैंक तथा 170 बीसी/सीएसपी के माध्यम से बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अधिकारियों ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
जून में आयोजित हुए 302 वित्तीय साक्षरता कैंप
वित्तीय साक्षरता एवं डिजिटल वित्तीय शिक्षा कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जून 2026 में जिले में 302 वित्तीय साक्षरता कैंप आयोजित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि इन शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेन-देन और वित्तीय योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने अपेक्षाकृत कम प्रगति वाले बैंकों को अपनी कार्यप्रणाली में तेजी लाने के निर्देश दिए। इनमें उत्तराखंड ग्रामीण बैंक सहित अन्य बैंक शामिल हैं। सभी बैंकों को डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने के साथ ही ग्राहकों को ऑनलाइन लेन-देन, भीम ऐप के उपयोग और उसके लाभों के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में लंबित आवेदनों के निस्तारण पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की समीक्षा के दौरान कम प्रगति वाले बैंकों द्वारा डॉक्यूमेंट पेंडेंसी तथा अंडर-प्रोसेस आवेदनों की जानकारी प्रस्तुत की गई। सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने सभी बैंकों को निर्धारित लक्ष्य अंतिम तिमाही से पहले ही पूरा करने का प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ऐसे खातों की शाखावार सूची तैयार करने को कहा, जिनमें सब्सिडी की धनराशि अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। सूची संबंधित विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
पीएमएफएमई और पर्यटन स्वरोजगार योजनाओं में आवेदन बढ़ाने के निर्देश
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) की समीक्षा के दौरान उद्यान विभाग को सितंबर माह के अंत तक न्यूनतम 25 आवेदन बैंकों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत पर्यटन विभाग को अधिक से अधिक आवेदन बैंकों तक पहुंचाने को कहा गया।
किसान क्रेडिट कार्ड योजना की समीक्षा के दौरान बैंकों द्वारा डिसक्वालिफाई एवं रिजेक्ट किए गए आवेदनों की जांच कर उनके उचित कारणों सहित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बीमा योजनाओं में खातों की संख्या घटने पर सीडीओ ने जताई चिंता
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की समीक्षा के दौरान खातों की संख्या में लगभग एक लाख की कमी सामने आने पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से जांच के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संबंधित गांवों में जाकर लाभार्थियों से संपर्क किया जाए और यह जानकारी प्राप्त की जाए कि बीमा की किश्त जमा हुई है या नहीं। साथ ही योजनाओं में खातों की संख्या में आई गिरावट के वास्तविक कारणों का पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
RSETI समेत विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यम स्थापना, स्वयं सहायता समूहों के बैंक लिंकेज तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), वाहन योजना, होमस्टे योजना और पीएम स्वनिधि सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैंक एवं विभागीय अधिकारियों ने किया प्रतिभाग
बैठक में एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक दीपक केंथुरा, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से सुनील कुमार, इंडियन बैंक से एस.एस. राणा, आईडीबीआई बैंक से अनंत पांडे, नैनीताल बैंक से आर.के. शर्मा, केनरा बैंक से अनिल, डीसीबी बैंक से चिराग बिष्ट, इंडियन ओवरसीज बैंक से रंजन, बैंक ऑफ बड़ौदा से अश्विनी सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त मत्स्य विभाग से प्रतिभा, क्रिसिल फाउंडेशन से अंकित, उद्यान विभाग से पंकज, रीप से ब्रह्मकांत भट्ट, डीआरडीए से चंद्रप्रकाश डंगवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी बैठक में मौजूद रहे।





