



चंपावत (दिलीप शर्मा): जिला चिकित्सालय चंपावत में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से लगातार कार्य कर रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की स्थापना से चंपावत जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। अब आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक समय पर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराए जा सकेंगे। चंपावत जिले में पहली बार यह सुविधा शुरू हुई है। इससे पहले कुमाऊं मंडल के जिला चिकित्सालयों में यह सुविधा मुख्य रूप से रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी।
चंपावत केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, मेरी कर्मभूमि : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि जिले के विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, सड़क, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार कार्य किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य चंपावत को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उत्तराखंड का आदर्श जिला बनाना है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। इसके अलावा अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस यूनिट जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी स्थापित की जा चुकी हैं।
11.71 करोड़ से विकसित हो रहा डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला चिकित्सालय में करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से लोअर ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग तथा प्रथम एवं द्वितीय तल पर डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मरीजों को बेहतर जांच एवं उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी और उन्हें अन्य शहरों के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।
62 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगा आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत के विकास में सड़क और यातायात व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जा रही है। विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण एवं चौड़ीकरण के साथ ही जाम की समस्या के समाधान के लिए आधुनिक पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चंपावत रोडवेज स्टेशन में 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य शुरू होने वाला है। इसके अलावा मां पूर्णागिरि धाम, रीठा साहिब और पर्यटन आवास गृह में भी पार्किंग सुविधाओं का विकास किया गया है।
66 करोड़ से अधिक की लागत से विकसित हो रहा सिटी ड्रेनेज सिस्टम
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार किया जा रहा है। जिले में 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिटी ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है। भूमिगत विद्युत लाइनों का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी चंपावत के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत को विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उत्तराखंड का आदर्श मॉडल बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिले के विकास का कोई भी सपना अधूरा नहीं रहने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और चंपावत भी इस विकास यात्रा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे रक्त के जरूरी घटक : स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। चंपावत जिला चिकित्सालय में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की स्थापना से गंभीर एवं आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस सुविधा से मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और रक्त घटकों के लिए अन्य जिलों के अस्पतालों पर उनकी निर्भरता भी कम होगी।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पाण्डेय, दायित्वधारी सुभाष बगौली, विधायक प्रतिनिधि चंपावत प्रकाश चन्द्र तिवारी, भाजपा नेता सतीश पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष चंपावत आनन्द सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, नगर पालिका परिषद चंपावत अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, नगर पालिका परिषद लोहाघाट अध्यक्ष गोविन्द वर्मा, दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय, मनोज कालाकोटी, मुकेश महराना, हेमा जोशी, किरन देवी, ब्लॉक प्रमुख चंपावत अंचला बोहरा, भाजपा जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के शुरू होने से चंपावत जिले में गंभीर मरीजों और आपातकालीन परिस्थितियों में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है। यह सुविधा जिले को बेहतर एवं आत्मनिर्भर स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





