उत्तराखंडएसआईआरटिहरी गढ़वाल

एसआईआर के तहत टिहरी की छह विधानसभाओं में 1.17 लाख से अधिक नोटिस जारी

75,985 मामलों में सुनवाई पूरी, 3,609 प्रकरण लंबित; मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी लाने के निर्देश

टिहरी गढ़वाल, 20 अगस्त(दिलीप शर्मा): विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत टिहरी गढ़वाल जनपद की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया तेजी से जारी है। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जनपद में अब तक कुल 1,17,501 नोटिस जनरेट किए गए हैं। इनमें से 1,17,499 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं, जबकि दो नोटिस वितरण के लिए लंबित हैं। वहीं, अब तक 75,985 नोटिसों के संबंध में सुनवाई पूरी की जा चुकी है।

घनसाली में 9,874, देवप्रयाग में 16,305 मामलों की सुनवाई

विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार घनसाली विधानसभा क्षेत्र में 21,094 जारी नोटिसों के सापेक्ष 9,874 मामलों में सुनवाई पूरी हुई है। देवप्रयाग में 19,131 नोटिसों के सापेक्ष 16,305, नरेंद्रनगर में 20,758 के सापेक्ष 14,629 तथा प्रतापनगर में 16,022 नोटिसों के सापेक्ष 9,849 मामलों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।

इसी प्रकार टिहरी विधानसभा क्षेत्र में 19,256 नोटिसों के सापेक्ष 10,049 तथा धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र में 21,240 नोटिसों के सापेक्ष 15,279 मामलों में सुनवाई पूरी हो चुकी है। इस प्रकार छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 75,985 मामलों की सुनवाई पूरी की गई है।

3,609 मामले लंबित, 1,312 की सुनवाई तिथि लैप्स

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार वर्तमान में 3,609 मामले लंबित हैं, जबकि 1,312 मामलों में सुनवाई की निर्धारित तिथि लैप्स हो चुकी है। शेष नोटिसों से संबंधित मामलों में पुनर्निर्धारण (री-शेड्यूल) की प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।

वर्तमान में जनपद की मतदाता सूची में कुल 4,63,628 मतदाता दर्ज हैं। एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अद्यतन एवं अधिक सटीक बनाए जाने की कार्रवाई की जा रही है।

डीएम ने कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत जनपद में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की प्रतिदिन की कार्य प्रगति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कार्य में तेजी लाने तथा किसी भी स्तर पर लंबित मामलों की संख्या बढ़ने नहीं देने को कहा है। उन्होंने एसआईआर की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button