श्रम विभाग की आर्थिक सहायता संबंधी सेवाएं अब नई टिहरी जिला मुख्यालय से संचालित
कार्यालय शिफ्टिंग के चलते करीब एक सप्ताह तक सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना, श्रमिकों से अनावश्यक कार्यालय आने से बचने की अपील



टिहरी गढ़वाल, 22 अगस्त(दिलीप शर्मा): श्रम विभाग से आर्थिक सहायता प्राप्त करने वाले श्रमिकों एवं लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। श्रम विभाग की विभिन्न आर्थिक सहायता संबंधी सेवाएं एवं आवेदन से जुड़े कार्य वर्तमान में जिला मुख्यालय नई टिहरी स्थित कार्यालय से ही संचालित किए जाएंगे।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी टिहरी गढ़वाल आईशा ने बताया कि विभागीय कार्यालय की शिफ्टिंग एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने का कार्य चल रहा है। इसके चलते आगामी करीब एक सप्ताह तक विभागीय सेवाओं के नियमित संचालन में कुछ असुविधा हो सकती है। उन्होंने श्रमिकों एवं लाभार्थियों से अपील की है कि कार्यालय शिफ्टिंग एवं व्यवस्थाओं के कार्य के दौरान अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाएं।
कार्यालय व्यवस्था सामान्य होने के बाद सेवाएं होंगी नियमित
श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि कार्यालय को व्यवस्थित किए जाने का कार्य पूरा होने के बाद आर्थिक सहायता से संबंधित सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी। विभाग की ओर से लाभार्थियों से सहयोग करने तथा इस अवधि में धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।
विवाहोपरांत सहायता के 180 आवेदन प्राप्त
विभाग के अनुसार वर्तमान में विवाहोपरांत आर्थिक सहायता के कुल 180 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 175 आवेदनों को संस्तुति सहित अग्रसारित किया जा चुका है, जबकि 5 आवेदनों पर आपत्ति दर्ज की गई है।
इसके अलावा मृत्योपरांत आर्थिक सहायता के 2 आवेदन विभाग को प्राप्त हुए हैं। इन दोनों आवेदनों को आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के बाद अग्रसारित कर दिया गया है।
लाभार्थियों से सहयोग की अपील
श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्यालय शिफ्टिंग के दौरान अस्थायी रूप से सेवाओं के संचालन में व्यवधान आ सकता है। विभाग ने सभी श्रमिकों एवं लाभार्थियों से अपील की है कि वे व्यवस्था सामान्य होने तक अनावश्यक रूप से कार्यालय न आएं और विभागीय कार्यप्रणाली में सहयोग करें। कार्यालय की व्यवस्थाएं सामान्य होते ही आर्थिक सहायता संबंधी सेवाएं पूर्ववत नियमित रूप से संचालित की जाएंगी।





