‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ पर दून पुलिस का शिकंजा, गैंगस्टर एक्ट में गैंग लीडर समेत तीन गिरफ्तार
भूमि व पारिवारिक विवादों में दखल देकर अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग का आरोप, घर से बरामद हुआ ‘KING OF उत्तराखण्ड’ का बोर्ड




ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने ऋषिकेश में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित रूप से अपने गिरोह के जरिए लोगों में भय पैदा करने वाले गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी भूमि एवं पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम यानी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में आपराधिक एवं विशेष रूप से संगठित अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध गुंडा एवं गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ऋषिकेश पुलिस ने जगजीत उर्फ जग्गा और उसके साथियों के विरुद्ध कार्रवाई की।
विवादों में हस्तक्षेप कर भय का माहौल बनाने का आरोप
पुलिस के अनुसार गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में एक संगठित गिरोह संचालित कर रहा था। गिरोह पर भूमि और पारिवारिक विवादों में जबरन हस्तक्षेप करने तथा पक्षकारों को डरा-धमकाकर अपने हित साधने के आरोप हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी विवादों को जबरन सुलझाने के नाम पर लोगों पर दबाव बनाते थे। फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित रूप से ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली की जाती थी। इसके अलावा लोगों के घरों में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने जैसी गतिविधियों में भी गिरोह के सदस्यों की संलिप्तता बताई गई है।
शिकायत करने से भी डरते थे लोग
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने क्षेत्र में अपने प्रभाव और भय का ऐसा माहौल बना रखा था कि कई स्थानीय लोग इनके खिलाफ शिकायत अथवा कानूनी कार्रवाई करने से भी डरते थे। पुलिस के अनुसार वर्ष 2016 से 2026 के बीच गैंग लीडर और उसके गिरोह से जुड़े आपराधिक मामलों में कुल 11 अभियोग पंजीकृत हैं।
लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता तथा आमजन में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न होने के दृष्टिगत आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई थी। सक्षम न्यायालय से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 405/2026 के तहत धारा 2(ख)(i), 2(ख)(iii)/3 गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम में अभियोग दर्ज किया गया।
‘किंग ऑफ उत्तराखण्ड’ का बोर्ड बरामद
पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा की निशानदेही पर उसके घर से ‘KING OF उत्तराखण्ड’ लिखा बोर्ड बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी इस बोर्ड के माध्यम से लोगों पर अपना प्रभाव और भय कायम करने का प्रयास करता था।
तीन गिरफ्तार, एक आरोपी वांछित
गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में नामजद चार आरोपियों में से पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस टीम द्वारा वांछित अभियुक्त रवि गुप्ता के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में—
जगजीत उर्फ जग्गा (39 वर्ष) पुत्र हरविन्द्र सिंह, निवासी मायाकुण्ड, चन्द्रेश्वर मार्ग, ऋषिकेश — गैंग लीडर।
प्रणव उर्फ राघव बत्रा (20 वर्ष) पुत्र स्व. अश्वनी बत्रा, निवासी गली नंबर 19, मंडीवाली गली, सोमेश्वर नगर, ऋषिकेश — गैंग सदस्य।
दीपेश कुमार (27 वर्ष) पुत्र स्व. चरण नाथ, निवासी कृष्णानगर कॉलोनी, आईडीपीएल के निकट, ऋषिकेश — गैंग सदस्य।
वांछित अभियुक्त:
रवि गुप्ता पुत्र सुरेश चन्द्र गुप्ता, निवासी शिवाजी नगर, ऋषिकेश।
वर्ष 2016 से दर्ज हैं 11 आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार आरोपियों से संबंधित आपराधिक इतिहास में वर्ष 2016 से 2026 तक कुल 11 अभियोग शामिल हैं। इनमें भादवि, आबकारी अधिनियम, पोक्सो अधिनियम, आईटी एक्ट, बीएनएस तथा एससी/एसटी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आपराधिक इतिहास के अनुसार मुकदमे 513/2016, 187/2022, 91/2024, 487/2024, 523/2025, 340/2026, 265/2026, 345/2026, 360/2026, 367/2026 और 385/2026 शामिल हैं।
यह रही पुलिस टीम
कार्रवाई में निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, प्रभारी कोतवाली ऋषिकेश, निरीक्षक राकेश गुसाईं, प्रभारी निरीक्षक डोईवाला एवं विवेचक, व0उ0नि0 नवीन जोशी, उपनिरीक्षक देवेन्द्र पंवार, उपनिरीक्षक जगमोहन सिंह, उपनिरीक्षक विकसित पंवार, उपनिरीक्षक बिनेश कुमार, उपनिरीक्षक राजनारायण, हेड कांस्टेबल सन्दीप राठी, हेड कांस्टेबल राकेश पंवार तथा कांस्टेबल तेजपाल सिंह शामिल रहे।
दून पुलिस की इस कार्रवाई को ऋषिकेश क्षेत्र में संगठित अपराध और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।




