औषधि भंडार में व्यवस्थाएं दुरुस्त, 08 दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए
जिलाधिकारी के निर्देश पर CMSD नई टिहरी का औचक निरीक्षण; कोल्ड स्टोरेज, CCTV और अभिलेखों की व्यवस्था मिली संतोषजनक




नई टिहरी, 24 अरगस्त(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित केंद्रीय चिकित्सा औषधि भंडार (CMSD), नई टिहरी का औचक निरीक्षण किया। वरिष्ठ औषधि निरीक्षक चन्द्रप्रकाश नेगी एवं औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने भंडार की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए औषधियों के रख-रखाव और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की।
निरीक्षण के दौरान औषधियों का भंडारण मेटल रैक एवं पैलेट्स पर उचित तरीके से किया जाना पाया गया। मन:प्रभावी औषधियां LOCK & KEY में सुरक्षित रखी गई थीं। वहीं भंडार में स्थापित CCTV कैमरे कार्यशील अवस्था में मिले तथा संबंधित अभिलेख एवं पत्रावलियां भी व्यवस्थित और सुरक्षित पाई गईं।
कोल्ड स्टोरेज में दवाएं निर्धारित तापमान पर सुरक्षित
निरीक्षण में भंडार की कोल्ड स्टोरेज व्यवस्था भी संतोषजनक मिली। रेफ्रिजरेटर कार्यशील अवस्था में पाए गए और INSULIN, TT वैक्सीन, Rabies वैक्सीन, Oxytocin, Lab Reagents तथा Haemophilia Factor जैसी तापमान संवेदनशील औषधियों एवं सामग्री को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखा गया था। इसके अलावा भंडार में वेंटिलेशन और स्वच्छता की स्थिति भी संतोषजनक पाई गई।
08 औषधियों के नमूने परीक्षण के लिए लिए
निरीक्षण के दौरान औषधि भंडार से 08 औषधियों के नमूने नियमानुसार परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए एकत्रित किए गए। इन नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षण हेतु भेजा जाएगा। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को औषधियों के सुरक्षित भंडारण, अभिलेखों के उचित रख-रखाव तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर निरीक्षण एवं निगरानी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




