रक्षाबंधन पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, 7 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
पनीर, अनाज और तैयार भोजन समेत 6 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए; त्योहार तक जारी रहेगा विशेष अभियान




टिहरी गढ़वाल, 24 अगस्त(दिलीप शर्मा): रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में विभागीय टीम लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है।
सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन प्रमोद रावत ने बताया कि सोमवार को विभागीय टीम ने जनपद में 7 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के 6 नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि संग्रहित नमूनों में पनीर के 2, अनाज के 3 तथा तैयार भोजन का 1 नमूना शामिल है। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर निरीक्षण और नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग की निगरानी से खाद्य कारोबारियों में भी गुणवत्ता मानकों के पालन को लेकर सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है।




