



ऋषिकेश, 24 अगस्त(दिलीप शर्मा): तीर्थनगरी ऋषिकेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। बैराज कॉलोनी वार्ड में शहर के प्रथम इनडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण कार्य का सोमवार को विधिवत शुभारंभ महापौर शम्भू पासवान ने किया। इस सुविधा के निर्माण से शहर के खिलाड़ियों, विशेषकर बच्चों, युवाओं और उभरती बैडमिंटन प्रतिभाओं को वर्षभर बेहतर अभ्यास की सुविधा उपलब्ध होगी।
जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी में मिलेगी मदद
इनडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण से खिलाड़ियों को बारिश, गर्मी और अन्य मौसम संबंधी बाधाओं से मुक्त होकर नियमित अभ्यास का अवसर मिलेगा। आधुनिक एवं व्यवस्थित खेल वातावरण उपलब्ध होने से स्थानीय प्रतिभाओं को अपने खेल कौशल को निखारने के साथ ही जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी करने में मदद मिलेगी।
खेल से युवाओं में विकसित होता है अनुशासन और आत्मविश्वास : महापौर
इस अवसर पर महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त माध्यम भी है। नगर निगम का प्रयास है कि शहर में विकास कार्यों के साथ-साथ खेल सुविधाओं का भी निरंतर विस्तार किया जाए, ताकि ऋषिकेश की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिल सके।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली बच्चे और युवा हैं। यदि उन्हें उचित संसाधन, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो वे राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
नगर निगम और समाजसेवी नीरजा गोयल के सहयोग की सराहना
कार्यक्रम के दौरान इनडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण की पहल में नगर निगम ऋषिकेश तथा समाजसेवी श्रीमती नीरजा गोयल के प्रयासों एवं सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने कोर्ट के निर्माण कार्य के शुभारंभ पर खुशी जताते हुए इसे ऋषिकेश के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद अभिनव सिंह मलिक, समाजसेवी नीरजा गोयल, लक्ष्मी नारायण जोशी, नगर निगम के अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, अवर अभियंता योगेश सेमवाल, शिवानी सहित स्थानीय नागरिक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




