उत्तराखंडऋषिकेशश्रद्धांजलि

मेजर दुर्गा मल्ल का बलिदान देशभक्ति और साहस की अमर मिसाल : डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल

बलिदान दिवस पर डोईवाला में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, विधायक ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सपूत को किया नमन

ऋषिकेश/डोईवाला, 25 अगस्त(दिलीप शर्मा): मेजर दुर्गा मल्ल के बलिदान दिवस पर वीर गोर्खा कल्याण समिति एवं शहीद दुर्गा मल्ल विकास समिति की ओर से डोईवाला में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग कर मेजर दुर्गा मल्ल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

डॉ. अग्रवाल ने नगर पालिका सभागार में स्थापित मेजर दुर्गा मल्ल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद क्षेत्रीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस के रूप में शहीद दुर्गा मल्ल चौक पहुंचे, जहां उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।

आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर योद्धा थे मेजर दुर्गा मल्ल

इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि मेजर दुर्गा मल्ल का जीवन साहस, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले मेजर दुर्गा मल्ल का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने बताया कि मेजर दुर्गा मल्ल का जन्म 1 जुलाई 1913 को डोईवाला के घिस्सरपड़ी में गंगाराम मल्ल छेत्री एवं पार्वती देवी छेत्री के घर हुआ था। मात्र 18 वर्ष की आयु में वर्ष 1931 में वे गोरखा राइफल की 2/1 बटालियन में भर्ती हुए और देशसेवा के मार्ग पर आगे बढ़े।

आजाद हिंद फौज के लिए जुटा रहे थे महत्वपूर्ण सूचनाएं

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 1944 में आजाद हिंद फौज के लिए महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्र करते समय मेजर दुर्गा मल्ल को शत्रु सेना ने मणिपुर में गिरफ्तार कर लिया। देश की स्वतंत्रता के लिए उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने संकल्प से समझौता नहीं किया।

उन्होंने बताया कि 25 अगस्त 1944 को मेजर दुर्गा मल्ल को फांसी दे दी गई। उनका बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की अमिट मिसाल बन गया।

नई पीढ़ी को वीर सपूतों के संघर्ष से परिचित कराना दायित्व

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मेजर दुर्गा मल्ल का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के जीवन, संघर्ष और बलिदान से आने वाली पीढ़ियों को परिचित कराना हम सभी का दायित्व है। ऐसे महापुरुषों की स्मृतियों को जीवंत रखना राष्ट्र के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा ऋषिकेश जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, गोरखाली सुधार सभा अध्यक्ष के.के. थापा, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष दीपक थापा, सरिता गुरुंग, ईश्वर चंद अग्रवाल, विशाल थापा, कमल थापा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button