राष्ट्रीय खेल दिवस पर 27 अगस्त को होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’
टिहरी के श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय चंबा और राजकीय डिग्री कॉलेज चंद्रबदनी में आयोजित होंगे युवा कनेक्ट कार्यक्रम



टिहरी गढ़वाल, 25 अगस्त(दिलीप शर्मा): राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देशभर में 27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। युवा सहभागिता, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण की भावना को केंद्र में रखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के युवा खिलाड़ियों और युवाओं को एक मंच से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
राष्ट्रीय खेल दिवस प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से युवाओं को खेल क्षेत्र में पिछले 12 वर्षों में हुए महत्वपूर्ण बदलावों और उपलब्धियों से अवगत कराया जाएगा।
1600 स्थानों पर 8 लाख से अधिक युवाओं से जुड़ेंगे प्रधानमंत्री
कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। 27 अगस्त को प्रधानमंत्री देशभर के लगभग 1600 स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। टिहरी जिले में श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय, चंबा तथा गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज चंद्रबदनी में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम को युवा संवाद के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
खेल विकास और राष्ट्र निर्माण पर युवाओं से होगा सीधा संवाद
युवा संवाद के दौरान माय भारत स्वयंसेवकों, माय भारत एनएसएस कार्यकर्ताओं और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें पिछले 12 वर्षों में देश के खेल बुनियादी ढांचे में हुए बदलाव, खेल सुविधाओं के विस्तार और भारत में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा होगी।
इसके बाद करीब 15 मिनट का युवा संवाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवा अपने विचार, सुझाव और आकांक्षाएं साझा कर सकेंगे।
चार प्रमुख विषयों पर केंद्रित रहेगा युवा संवाद
कार्यक्रम में युवाओं के साथ मुख्य रूप से चार प्रमुख विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इनमें जमीनी स्तर तक बेहतर खेल सुविधाएं, कोचिंग और अवसर पहुंचाकर खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना शामिल है। इसके साथ ही 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने, वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभा पहचान और खिलाड़ी विकास पर भी चर्चा होगी।
इसके अलावा युवा नेतृत्व और शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं को आवश्यक कौशल, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण के अवसरों से जोड़ने पर भी मंथन किया जाएगा।
क्यूआर कोड से दे सकेंगे सुझाव, क्विज में भी लेंगे भाग
कार्यक्रम के दौरान युवाओं से उनके सुझाव एवं विचार क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही युवाओं को कार्यक्रम स्थल पर ही वीबीवाईएलडी क्विज राउंड में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
यह पहल युवाओं को खेल, नेतृत्व और कौशल विकास से जोड़ने के साथ राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इसके माध्यम से युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और विचारों को विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।





