उत्तराखंडदेहरादून

एसडीआरएफ जवानों की कलाई पर सजी राखी, ‘आस’ संस्था ने जताया सम्मान

आपदा और विषम परिस्थितियों में सेवा के लिए किया नमन, टीबी से बचाव को लेकर भी किया जागरूक

जौलीग्रांट, देहरादून, 27 अगस्त(दिलीप शर्मा): रक्षाबंधन के पावन पर्व पर ‘आस’ (Action for Advancement of Society) संस्था, गुमानीवाला ऋषिकेश के सदस्यों ने एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट पहुंचकर अधिकारियों एवं कार्मिकों की कलाई पर राखी बांधी। संस्था की ओर से रक्षा सूत्र बांधकर एसडीआरएफ जवानों के प्रति स्नेह, सम्मान और विश्वास व्यक्त किया गया।

इस दौरान संस्था के सदस्यों ने कहा कि एसडीआरएफ के अधिकारी और जवान आपदा सहित अन्य विषम परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना आमजन की सुरक्षा एवं बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी सेवाओं के प्रति सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से रक्षाबंधन पर यह आत्मीय पहल की गई।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने एसडीआरएफ अधिकारियों एवं कार्मिकों को टीबी (क्षय रोग) के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने टीबी के प्रमुख लक्षणों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच और उपचार के महत्व की जानकारी दी। लोगों से बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते जांच कराने और चिकित्सकीय परामर्श लेने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में ‘आस’ संस्था की ओर से श्रीमती हेमलता बहन, श्रीमती संगीता बहुगुणा, श्रीमती बबिता बौड़ाई, श्रीमती पूनम मैठाणी और श्रीमती लक्ष्मी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

वहीं एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय की ओर से सहायक सेनानायक श्री सुशील रावत, श्री संजय उप्रेती, शिविरपाल श्री आनंद सिंह रावत, इंस्पेक्टर श्री कविन्द्र सजवाण, सूबेदार सैन्य सहायक श्री जयपाल राणा तथा सब इंस्पेक्टर श्री पंकज खरोला समेत अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में सौहार्द और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। उपस्थित सभी लोगों ने ‘आस’ संस्था की इस पहल की सराहना की और एक-दूसरे को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। संस्था की इस पहल ने एसडीआरएफ जवानों और समाज के बीच सेवा, सम्मान एवं भाईचारे के रिश्ते को और मजबूत करने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button