उत्तराखंडऋषिकेशदेहरादूनपुलिस बुलेटिन

ऋषिकेश में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 गिरफ्तार

152 टेट्रा पैक अवैध शराब बरामद, तीन स्कूटी भी जब्त; आबकारी अधिनियम में मुकदमे दर्ज

ऋषिकेश, 26 अगस्त(दिलीप शर्मा): नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 152 टेट्रा पैक अवैध शराब बरामद की। शराब के परिवहन में प्रयुक्त तीन स्कूटी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

पुलिस के अनुसार जनपद को नशामुक्त बनाने और अवैध शराब, चरस, स्मैक व गांजा आदि की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में लगातार चेकिंग एवं दबिश अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 अगस्त को पुलिस टीमों ने चन्द्रभागा पुल, ग्रीन चिली रेस्टोरेंट आईडीपीएल, योग नगरी रेलवे स्टेशन के पास हरिद्वार रोड तथा पुराना रेलवे स्टेशन की अंदरूनी रोड पर कार्रवाई की।

अलग-अलग स्थानों से पांच आरोपी दबोचे

पुलिस ने चन्द्रभागा पुल के पास से लाल बहादुर साहनी (52) निवासी चन्द्रेश्वर नगर को 22 टेट्रा पैक अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया।

ग्रीन चिली रेस्टोरेंट, श्यामपुर क्षेत्र से विकास राणा (21) निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी श्यामपुर ऋषिकेश को 34 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ पकड़ा गया।

इसी तरह बिन्नी उर्फ विनीत (22) निवासी बापूग्राम को स्कूटी एक्टिवा संख्या UK14L-3408 पर 25 टेट्रा पैक अवैध शराब का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया गया।

शुभम (26) निवासी वाल्मीकि नगर, ऋषिकेश को स्कूटी होंडा एक्टिवा संख्या UK14TB-1897 पर 36 टेट्रा पैक अवैध शराब ले जाते हुए पकड़ा गया।

वहीं रामू (27) निवासी सुभाष नगर, बनखंडी, ऋषिकेश को स्कूटी होंडा एक्टिवा संख्या UK14L-8190 पर 35 टेट्रा पैक अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

आबकारी अधिनियम में मुकदमे दर्ज

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए हैं। लाल बहादुर साहनी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 धारा 60(1), विकास राणा के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 415/2026 धारा 60(1), जबकि बिन्नी उर्फ विनीत, शुभम और रामू के खिलाफ क्रमशः मुकदमा अपराध संख्या 416/2026, 417/2026 और 418/2026 के तहत धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।

तीन स्कूटी भी पुलिस के कब्जे में

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त तीन स्कूटी भी बरामद की हैं। इनमें एक्टिवा UK14L-3408, होंडा एक्टिवा UK14TB-1897 और होंडा एक्टिवा UK14L-8190 शामिल हैं।

अभियान रहेगा जारी

ऋषिकेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध स्थानों पर चेकिंग के साथ ही नशा तस्करों के संभावित ठिकानों पर दबिश देने की कार्रवाई भी जारी रखी जा रही है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में कांस्टेबल 189 संदीप भट्ट, कांस्टेबल 124 अशोक, कांस्टेबल 186 शैलेन्द्र, कांस्टेबल 260 गौरव यादव, कांस्टेबल 441 रमेश मैठाणी, कांस्टेबल 768 दिनेश कामली, कांस्टेबल 138 मोहकम, कांस्टेबल 434 पुष्पेन्द्र, कांस्टेबल 161 विनीत तथा कांस्टेबल 1375 अगेंश्वर शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button