रक्षाबंधन-जन्माष्टमी पर खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान
ढालवाला में पनीर, मिठाई, तेल और नमकीन-चिप्स के 09 नमूने जांच के लिए भेजे




टिहरी गढ़वाल, 26 अगस्त(दिलीप शर्मा): रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत ढालवाला क्षेत्र में विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 09 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर का एक, खाद्य तेल का एक, मिठाई के चार तथा नमकीन-चिप्स के तीन नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य निर्माण इकाइयों का भी किया सघन निरीक्षण
विशेष अभियान के दौरान ढालवाला क्षेत्र स्थित खाद्य निर्माण इकाइयों का भी सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में अनियमितता पाए जाने पर एक प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया। विभागीय टीम ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पर्वों को लेकर लगातार निगरानी
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि पर्वों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानकयुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों एवं निर्माण इकाइयों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा को लेकर नियमित रूप से जांच अभियान चलाने तथा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्रनगर बलवंत चौहान तथा जिला प्रशासन की ओर से कानूनगो राय सिंह मौजूद रहे।





