पेड़ों को राखी बांध छात्राओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
नक्षत्र वाटिका में 27 प्रजातियों के पौधों का रोपण, परंपरा को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का दिया संदेश




टिहरी गढ़वाल, 26 अगस्त(दिलीप शर्मा): रक्षा बंधन के अवसर पर जौनपुर विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज दोंक की छात्राओं ने अनूठी पहल करते हुए पेड़ों और पौधों को राखी बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। छात्राओं ने पौधों को राखी बांधने के साथ उन्हें गले लगाकर प्रकृति के प्रति अपने प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम संयोजक संजय प्रकाश सेमवाल ने कहा कि भारतीय परंपराओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर आगे बढ़ाने से प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होगी। साथ ही, समाज में अपनी समृद्ध परंपराओं को लेकर सकारात्मक सोच भी विकसित होगी।
27 नक्षत्रों के प्रतीक स्वरूप लगाए 27 पौधे
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने आशीष सगाई एवं इन्दु सैनी के मार्गदर्शन में नागराजा मंदिर के समीप नक्षत्र वाटिका का निर्माण भी किया। इस अवसर पर 27 नक्षत्रों के प्रतीक स्वरूप विभिन्न प्रजातियों के 27 पौधे रोपे गए। इनमें आंवला, बांस, पलाश, बेल, अर्जुन, नींबू सहित अन्य प्रजातियां शामिल हैं।
नक्षत्र वाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति और प्रकृति के बीच गहरे संबंध को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
परंपराओं को आधुनिक संदर्भ से जोड़ने पर जोर
राजकीय इंटर कॉलेज दोंक के प्रधानाचार्य राम औतार ने सभी को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपने परिवेश को बेहतर बनाने के लिए जरूरी है कि हम अपनी परंपराओं को आधुनिकता और वर्तमान समय की प्रासंगिकता के अनुरूप मनाएं। पेड़ों को राखी बांधने जैसी पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज और नई पीढ़ी को जागरूक करने का प्रभावी माध्यम बन सकती है।
कार्यक्रम में हेड गर्ल स्वाति सहित प्रियंका, सरस्वती, बबीता, अनिल एवं रंजना आदि उपस्थित रहे।





