उत्तराखंडऋषिकेश

सेवा, संगठन और समर्पण भाजपा की मूल शक्ति : डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल

श्यामपुर मंडल की कार्यशाला में बोले विधायक—‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए जनसेवा को दें गति, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान

ऋषिकेश/श्यामपुर(दिलीप शर्मा): भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर श्यामपुर मंडल की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग कर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. अग्रवाल का पारंपरिक तिलक लगाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ‘सेवा, संगठन और समर्पण’ है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि जनसेवा के कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को सेवा और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड भी तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

डॉ. अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहें और सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा, संवेदना और समर्पण की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।

उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के माध्यम से ही पार्टी की पहुंच समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुनिश्चित की जा सकती है।

कार्यशाला में ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान, जिला महामंत्री प्रतीक कालिया, जिला उपाध्यक्ष पुष्पा ध्यानी, प्रदेश सह संयोजक किसान मोर्चा विनोद शास्त्री, जिला मंत्री आशीष बहुगुणा, मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल, मंडल महामंत्री सत्यपाल राणा, मंडल महामंत्री पंकज जुगलान, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपा राणा, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष विनोद रावत, एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष रोहित कुमार, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला महामंत्री अमनप्रीत सिंह, किसान मोर्चा जिला महामंत्री रवि शर्मा, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री जितेंद्र पोखरियाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button