25 सितंबर से टिहरी में लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर
न्याय पंचायत व ग्राम पंचायत स्तर पर पहुंचेंगी सरकारी योजनाएं, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान




टिहरी गढ़वाल, 23 सितंबर(दिलीप शर्मा): केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के लिए टिहरी जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 25 सितंबर से बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि विकासखंडों के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले शिविरों में राजस्व, ग्राम्य विकास, कृषि, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खाद्य आपूर्ति, पशुपालन, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, वन, श्रम, ऊर्जा, बैंकिंग समेत 23 विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराने के साथ जनसमस्याओं के निस्तारण पर जोर रहेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25-26 सितंबर थौलधार, 27-28 सितंबर जौनपुर, 29-30 सितंबर कीर्तिनगर, 30 सितंबर-1 अक्टूबर भिलंगना, 1-2 अक्टूबर चंबा, 3-4 अक्टूबर जाखणीधार, 4-5 अक्टूबर प्रतापनगर, 5-6 अक्टूबर देवप्रयाग तथा 6-7 अक्टूबर नरेंद्रनगर में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और खंड विकास अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक शिविर के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।





