आयुर्वेदउत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर टिहरी में हुआ स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

जिला अस्पताल बौराड़ी में धन्वंतरी वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ, आयुर्वेद, योग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर

नई टिहरी, 23 सितंबर(दिलीप शर्मा): जिला अस्पताल बौराड़ी के आयुष विंग में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस एवं धन्वंतरी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में आयुर्वेद, योग और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमएस डॉ. बृजेश डोभाल, जिला होम्योपैथिक अधिकारी कैप्टन देवेंद्र प्रसाद पंत, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसएस रावत, चिकित्साधिकारी डॉ. विनोद रावत एवं डॉ. कर्णपाल ने भगवान धन्वंतरी के चित्र पर पुष्पार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

इस वर्ष की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” रही। वक्ताओं ने दिनचर्या, ऋतुचर्या, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर लगाया गया तथा औषधीय पौधों से संबंधित IEC सामग्री और मिष्ठान का वितरण किया गया।

आयुर्वेद प्रभारी चिकित्सक सत्येंद्र सिंह रावत ने ऋतु परिवर्तन के दौरान खान-पान और जीवनशैली में सावधानी बरतने की सलाह दी। वहीं सीएमएस डॉ. बृजेश डोभाल ने आयुर्वेद एवं योग को स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उपचार से पूर्व विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह लेने की अपील की।

कार्यक्रम में आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, होम्योपैथी विभाग, सीआईएसएफ जवान एवं कर्मचारी, केसीएच स्टाफ तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button