उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

सेवा योजना दिवस पर एनएसएस का एक दिवसीय शिविर आयोजित

स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ साझा किए समाजसेवा के अनुभव, विद्यालय एवं डिग्री कॉलेज परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान

मुनिकीरेती, 24 सितंबर(दिलीप शर्मा): श्री पूर्णानंद इंटरदिलीप कालेज मुनिकीरेती में सेवा योजना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से प्रथम एक दिवसीय नियमित शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत पाल सिंह रौथाण, उप प्रधानाचार्य संदीप मोहन, वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. विवेकानंद शर्मा एवं पूर्व कार्यक्रम समन्वयक जयवीर सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत लक्ष्य गीत से हुई। इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। बौद्धिक सत्र में वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. विवेकानंद शर्मा ने एनएसएस के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का प्रमुख उद्देश्य स्वयंसेवियों के व्यक्तित्व का विकास करना है। उन्होंने स्वयंसेवियों से समाजसेवा के माध्यम से जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना विकसित करने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य अजीत पाल सिंह रौथाण ने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवियों में देशप्रेम, स्वावलंबन, अनुशासन और सहभागिता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्वयंसेवियों को समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर एनएसएस द्वितीय वर्ष के स्वयंसेवियों बबली, प्रशांत, ओम शर्मा और प्रियांशु ने प्रथम वर्ष के दौरान किए गए समाजसेवा कार्यों के अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम अधिकारी चंद्र मोहन सिंह रौथाण ने स्वयंसेवियों को एनएसएस के लक्ष्य गीत, बैज एवं प्रतीक चिह्न के साथ ही बी एवं सी प्रमाणपत्र परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विगत वर्ष बी एवं सी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इसके पश्चात श्रमदान सत्र में एनएसएस स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर के साथ स्वामी पूर्णानंद डिग्री कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयंसेवियों ने परिसर की सफाई कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में श्रीमती प्रतिभा पंवार, पुष्पा शर्मा, अंबिका, पूजा नौटियाल, कविता खरोला, राजूलाल, उत्तम नेगी, कुलदीप बिष्ट, दृगपाल रावत, विशाल, दीपा सिंह, महाबीर रावत, कुलबीर, सुशील कुकरेती सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कुमारी नंदिनी ने किया।

Related Articles

Back to top button