उत्तराखंडरेस्क्यू

स्वामी नारायण आश्रम घाट पर नदी में बह रहे 74 वर्षीय बुजुर्ग का सकुशल रेस्क्यू

पैर फिसलने से तेज बहाव में बहे बुजुर्ग को स्थानीय लोगों और जल पुलिस ने बाहर निकाला, SDRF ने स्ट्रेचर से पहुंचाया एंबुलेंस तक

मुनिकीरेती, 24 सितंबर(दिलीप शर्मा): थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के स्वामी नारायण आश्रम घाट पर गुरुवार शाम नदी में बह रहे 74 वर्षीय बुजुर्ग को स्थानीय लोगों, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त प्रयास से सकुशल रेस्क्यू कर लिया। हादसा उस समय हुआ, जब नदी किनारे पैर फिसलने के कारण बुजुर्ग अचानक गंगा के तेज बहाव में बह गए।

जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 5 बजे की है। बुजुर्ग के नदी में बहने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और जल पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इसके बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू किए गए बुजुर्ग को स्ट्रेचर के माध्यम से एंबुलेंस तक पहुंचाया। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय देखरेख में उनका उपचार कराया गया।

रेस्क्यू किए गए बुजुर्ग की पहचान गणपति श्रीनिवासन (74 वर्ष), पुत्र गणपति, निवासी यूनाइटेड इंडिया कॉलोनी, 4th क्रॉस स्ट्रीट, कोदामबक्कम, चेन्नई, तमिलनाडु के रूप में हुई है। घटना के दौरान उनके परिजन भी मौके पर मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों, जल पुलिस और एसडीआरएफ की तत्परता के चलते बुजुर्ग को समय रहते नदी के तेज बहाव से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Related Articles

Back to top button