उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनरेंद्र नगरमेला

50वें वर्ष में ऐतिहासिक और भव्य होगा श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला

11 से 19 अक्टूबर तक नौ दिवसीय आयोजन, 11 समितियां संभालेंगी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी; विभागों को समयबद्ध कार्य के निर्देश

 

नरेंद्रनगर/टिहरी, 24 सितंबर(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल के सबसे पुराने और प्रमुख श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के 50वें आयोजन को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 11 से 19 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले नौ दिवसीय मेले के सफल संचालन के लिए 11 समितियों का गठन कर विभिन्न विभागों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

नरेंद्रनगर तहसील सभागार में गुरुवार को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता तथा जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की उपस्थिति में मेले के आयोजन को लेकर बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य शिविर, खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार, बैनर, एलईडी व्यवस्था सहित विभिन्न तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए।

50वें आयोजन को यादगार बनाने पर जोर

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इस वर्ष श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का 50वां आयोजन होने जा रहा है, जो क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने मेले के प्रारंभिक स्वरूप और इसके आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले तत्कालीन जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह पांगती के योगदान को भी याद किया।

उन्होंने कहा कि 50वें वर्ष के आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने के लिए सभी विभागों, समितियों और जनप्रतिनिधियों को टीम भावना के साथ काम करना होगा। उन्होंने मेले को क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण एकीकरण कार्यक्रम बताते हुए इसे सफल और आकर्षक बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।

समितियां समय से तैयार करें कार्ययोजना : डीएम

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सभी विभागों एवं समितियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समिति समय से बैठक आयोजित कर अपनी कार्ययोजना तैयार करे। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आवश्यकता सामने आने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराया जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके।

उन्होंने संबंधित विभागों को अपनी टीमों को समय से मोबिलाइज करने और सौंपे गए दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं मनोयोग से निर्वहन करने के निर्देश दिए। डीएम ने मेले की सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

चार हजार से शुरू हुआ मेला, अब बजट पहुंचा एक करोड़ से अधिक

नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने बैठक में सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले ने वर्षों के दौरान लगातार विस्तार किया है। उन्होंने बताया कि मेले का आयोजन शुरुआती दौर में लगभग चार हजार रुपये की व्यवस्था से शुरू हुआ था, जो आज बढ़कर एक करोड़ रुपये से अधिक तक पहुंच चुका है।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए मेले को सफल बनाने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे प्रमुख आकर्षण

बैठक में मेले के दौरान आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविर, खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों समेत प्रचार-प्रसार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मेले को व्यवस्थित, आकर्षक और भव्य स्वरूप देने के लिए विभिन्न समितियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का आयोजन 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक नौ दिनों के लिए किया जाएगा। 50वें आयोजन को देखते हुए इस बार मेले में विशेष व्यवस्थाएं किए जाने की तैयारी है।

बैठक में ऋषिकेश नगर निगम के मेयर शम्भू पासवान, नगर पंचायत तपोवन अध्यक्ष विनीता बिष्ट, नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के ईओ एलम सिंह रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न समितियों के सदस्य एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button