उत्तराखंडऋषिकेश

बापू ग्राम में डॉ. अग्रवाल का भव्य स्वागत, विकास कार्यों के लिए 10 लाख की घोषणा

विधायक ने कहा—बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण में प्रभावित परिवारों के हितों के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे

ऋषिकेश, 25 सितंबर(दिलीप शर्मा): बापू ग्राम में शुक्रवार देर शाम आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का क्षेत्रीय जनता और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा एवं फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए विधायक निधि से सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए डॉ. अग्रवाल ने बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर कुछ लोगों द्वारा राजनीति की जा रही है, जबकि क्षेत्र की जनता पूरे मामले की वास्तविकता से परिचित है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की राजनीति का जवाब जनता स्वयं देगी।

मुख्यमंत्री के समक्ष लगातार उठाया मामला

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जब-जब मुलाकात की, तब-तब सिलसिलेवार तरीके से क्षेत्रवासियों की समस्या को उनके समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सदन की कार्रवाई में इस विषय को उठाने से लेकर सरकार द्वारा ड्राफ्ट तैयार कर केंद्र सरकार को भेजे जाने के निर्णय तक लगातार प्रयास किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि बापू ग्राम के प्रभावित परिवारों के हितों को लेकर आगे भी हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इस मामले के समाधान के लिए जहां भी जाना पड़ेगा और जिससे भी मिलना पड़ेगा, वे वहां जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसी भी परिवार के हित प्रभावित न हों, इसके लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

विकास कार्यों को गति देना प्राथमिकता

विधायक ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े विषयों को लेकर वह निरंतर प्रयास करते रहेंगे। विधायक निधि से 10 लाख रुपये की घोषणा के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर पार्षद मुस्कान चौधरी ने बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण में डॉ. अग्रवाल द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में कुसुम देवी प्रमुख खेड़ा मंदिर, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष राहुल कश्यप, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष पिंकी धस्माना, नामित पार्षद सुमन रावत, नामित पार्षद पूनम डोभाल, महिला मोर्चा महामंत्री विनीता बिष्ट, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष मुन्नी देवी, महिला मोर्चा मंत्री विजय देवी नौटियाल, महिला मोर्चा आईटी संयोजक विनीता वर्मा, महिला मोर्चा मंत्री मिनाक्षी पाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button