435 ग्राम चरस और 14.5 ग्राम स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
ऋषिकेश पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े दो वांछित आरोपियों की तलाश जारी




ऋषिकेश, 26 सितंबर(दिलीप शर्मा): नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 435 ग्राम अवैध चरस और 14.5 ग्राम स्मैक बरामद की है। इसके अलावा आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और 1,900 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। मामले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े दो अन्य वांछित आरोपियों की पहचान की है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश और तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के मार्गदर्शन में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग और गश्त अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 25 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक सुमित चौधरी पुलिस टीम के साथ चौकी श्यामपुर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस टीम जंगलात रोड, गुज्जर प्लॉट क्षेत्र में पहुंची तो एक व्यक्ति पुलिस को देखकर सकपकाया और जंगल की ओर जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए उसे रोक लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान गुरुचरण सिंह उर्फ मुन्ना (57), पुत्र स्व. सुभाष, निवासी गली नंबर 19, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी कोतवाली ऋषिकेश का हिस्ट्रीशीटर है। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 435 ग्राम चरस तथा 14.5 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दो मोबाइल फोन और 1,900 रुपये नकद भी बरामद किए।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 487/2026, धारा 8/20/21/27(ए)/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच में दो अन्य आरोपियों के नाम सामने आए
पुलिस के मुताबिक मामले की विवेचना के दौरान शांति देवी पत्नी गुरुचरण सिंह उर्फ मुन्ना तथा सौरभ बत्रा निवासी अकबरपुर, लखनऊ, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी चन्द्रभागा, ऋषिकेश के नाम सामने आए हैं। दोनों को मामले में वांछित अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस टीमें दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में दर्ज है नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गुरुचरण सिंह उर्फ मुन्ना का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ वर्ष 1994 से 2026 तक कुल 51 अभियोग विभिन्न धाराओं में दर्ज बताए गए हैं। इनमें आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज रहे हैं। वर्ष 2022 में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में दो मुकदमे, वर्ष 2024 में एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले तथा वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत अभियोग दर्ज होना पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है।
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, कांस्टेबल 440 शेखर सैनी, कांस्टेबल 124 अशोक कुमार और कांस्टेबल 89 संदीप भट्ट शामिल रहे।





