उत्तराखंडखेलटिहरी गढ़वाल

राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में उत्तराखंड ने हासिल किया द्वितीय स्थान, टिहरी के चार खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का गौरव

सीआईएससीई अंडर-19 नेशनल गेम्स में शानदार प्रदर्शन, बेंगलुरु में देशभर की 12 राज्यों की टीमों ने लिया हिस्सा; चारों खिलाड़ी ओंकारानंद स्कूल के छात्र

टिहरी गढ़वाल,(दिलीप शर्मा): सीआईएससीई नेशनल गेम्स हॉकी प्रतियोगिता (अंडर-19) में उत्तराखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। उत्तराखंड की इस उपलब्धि में टिहरी गढ़वाल के चार युवा हॉकी खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर न केवल राज्य का नाम रोशन किया, बल्कि टिहरी जिले का गौरव भी बढ़ाया।

सीआईएससीई नेशनल गेम्स हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 18 से 22 सितंबर 2026 तक बेंगलुरु स्थित फील्ड मार्शल करियप्पा हॉकी स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता में देशभर के 12 राज्यों की टीमों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबलों के बीच उत्तराखंड की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया।

उत्तराखंड की टीम में टिहरी जिले के अग्रिम डोभाल, सार्थक रागंड, चैतन्य जैन और श्रेयांश बिजल्वाण का चयन हुआ था। चारों खिलाड़ी ओंकारानंद स्कूल के छात्र हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान देते हुए अपनी प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण का परिचय दिया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर टीम के कोच वहीद अहमद, विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरेन्द्र जोशी तथा जिला क्रीड़ाधिकारी दीपक रावत ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड को द्वितीय स्थान दिलाना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।

चारों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिले में भी खुशी का माहौल है। बताया गया कि खिलाड़ियों को उनकी इस शानदार उपलब्धि के लिए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button