उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक नरेंद्रनगर में विविध कार्यक्रम

डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण पर जागरूकता गतिविधियां; छात्र-छात्राओं ने पोस्टर प्रतियोगिता में लिया हिस्सा

टिहरी/नरेंद्र नगर(दिलीप शर्मा): सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत उत्तराखण्ड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, नरेंद्रनगर में विभिन्न जागरूकता एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।

अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के बीच ‘विकसित भारत-2047’, ‘विकसित उत्तराखण्ड-2047’ एवं ‘स्वच्छता से भरा भारत’ विषयों पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प, स्वच्छता के महत्व और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।

अभियान के समापन अवसर पर नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नगर पालिका परिषद के सभासद साकेत बिजल्वाण तथा सचिन भण्डारी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने तथा नवीन तकनीकों का सकारात्मक एवं सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संस्थान के प्रधानाचार्य ओमकार शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की सहभागिता की सराहना की।

समापन अवसर पर संस्थान की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का अभियान को सफल बनाने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button