ऋषिकेश में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, दो गिरफ्तार
सदानन्द मार्ग और चन्द्रेश्वर नगर में चेकिंग के दौरान 52 पाउच-पव्वे बरामद, शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी कब्जे में




ऋषिकेश, 28 सितंबर(दिलीप शर्मा): नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 52 पाउच-पव्वे अवैध शराब बरामद किए हैं। वहीं, शराब के परिवहन में प्रयुक्त एक स्कूटी को भी कब्जे में लिया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, जनपद को नशामुक्त बनाने और अवैध शराब, चरस, स्मैक व गांजा आदि की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में लगातार चेकिंग और दबिश की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने 27 सितंबर को सदानन्द मार्ग स्थित मॉडर्न स्कूल के पास चेकिंग के दौरान अंकित कुमार (24) पुत्र स्व. रमेश कुमार, निवासी न्यू जाटव बस्ती, ऋषिकेश को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 34 पाउच माल्टा देशी शराब बरामद हुई।
इसके बाद 28 सितंबर को पुलिस टीम ने नाले वाली रोड, चाला मशीन के पास चन्द्रेश्वर नगर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शिवम सक्सेना (30) पुत्र शिवपाल, निवासी वार्ड नंबर 16, तीन पानी, रुद्रपुर, ऊधमसिंहनगर, हाल निवासी नाले वाली गली, गुरुद्वारे के पीछे, चन्द्रेश्वर नगर, ऋषिकेश को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 18 पव्वे इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब के परिवहन में प्रयुक्त यामा कंपनी की काले रंग की स्कूटी संख्या UK14M-3519 को भी पुलिस ने कब्जे में लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अंकित कुमार के खिलाफ मु0अ0सं0 492/2026, धारा 60(1)क आबकारी अधिनियम तथा शिवम सक्सेना के खिलाफ मु0अ0सं0 493/2026, धारा 60(1)क/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
बरामदगी
- 34 पाउच माल्टा देशी शराब
- 18 पव्वे इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब
- यामा कंपनी की काले रंग की स्कूटी संख्या UK14M-3519
ऋषिकेश पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम में कांस्टेबल सोहन सिंह, हिमांशु कुमार, अमित कुमार और अंगेश्वर कुमार शामिल रहे।




