नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में ऋषिकेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नामजद आरोपी गिरफ्तार
आईडीपीएल कॉलोनी में बुआ के घर से पकड़ा गया आरोपी, जांच के दौरान पॉक्सो समेत अन्य धाराएं बढ़ाईं




ऋषिकेश, 28 सितंबर(दिलीप शर्मा): नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को आईडीपीएल कॉलोनी क्षेत्र स्थित उसकी बुआ के घर से पकड़ा। मामले की विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 65 बीएनएस तथा धारा 3/4 पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को ऋषिकेश निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री दोपहर करीब 2:30 बजे घर से ऋषिकेश बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने किशोरी की रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 484/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश ने पुलिस टीम गठित कर किशोरी की तलाश और मामले में प्रकाश में आए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में लगातार पतारसी-सुरागरसी की। इसी क्रम में 27 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे में नामजद आरोपी कृष्णा आईडीपीएल कॉलोनी क्षेत्र में अपनी बुआ के घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 65 बीएनएस और धारा 3/4 पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी कृष्णा वर्मा को उसके विरुद्ध प्रकाश में आए अपराध से अवगत कराते हुए 27 सितंबर को शाम 3:50 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
कृष्णा वर्मा (19 वर्ष) पुत्र वीरेन्द्र वर्मा, निवासी चेक मोहम्मद, पुराना बाजार, थाना बारादरी, जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश। वर्तमान पता—आईडीपीएल कॉलोनी, ऋषिकेश, जनपद देहरादून।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
- म0उ0नि0 ज्योति शर्मा
- कांस्टेबल 309 अंकुर कुमार
- कांस्टेबल 16 उदयवीर सिंह




