उत्तराखंडऋषिकेशरायवाला

आंगनबाड़ी केंद्रों की बच्चों के विकास में अहम भूमिका: डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल

‘सेवा संकल्प एवं सुशासन अभियान’ के तहत रायवाला में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में विधायक ने किया प्रतिभाग, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट बांटी

रायवाला/ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प एवं सुशासन अभियान’ के तहत रायवाला में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में पहुंचने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने डॉ. अग्रवाल का पारंपरिक तिलक लगाकर एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा और संस्कार देने के साथ ही उनके शारीरिक विकास, स्वास्थ्य एवं पोषण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा तथा सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं संस्कारवान बचपन ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। बच्चों के प्रारंभिक वर्षों में उचित पोषण, शिक्षा और संस्कार उपलब्ध कराना भविष्य के बेहतर नागरिक निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण किया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में रायवाला मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष बिना बंगवाल, ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, अजय साहू, विपिन कुकरेती, गीता थापा, भागीरथी भट्ट, अल्पना कंडवाल, पुष्पा नौटियाल, दुर्गा छेत्री, माला देवी, सतपाल सैनी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button