ऋषिकेश में 357 करोड़ की आरडीएसएस योजना का शुभारंभ
विद्युत लाइनें होंगी भूमिगत, कोयल घाटी में बनेगा नया सब-स्टेशन




ऋषिकेश, 29 सितंबर(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश की विद्युत व्यवस्था को आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में मंगलवार को बड़ा कदम उठाया गया। वीरभद्र मार्ग पर आरडीएसएस (रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम) के तहत विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की करीब 357 करोड़ रुपये की परियोजना का महापौर शंभू पासवान ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर शुभारंभ किया।

परियोजना के तहत कोयल घाटी में नया विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किया जाएगा। साथ ही 33 केवी की 48 किमी, 11 केवी की 103 किमी और एलटी लाइन की 111 किमी विद्युत लाइनें भूमिगत की जाएंगी।

महापौर शंभू पासवान ने कहा कि भूमिगत विद्युत व्यवस्था से शहर को तारों के मकड़जाल से निजात मिलेगी और विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका कम होने के साथ फॉल्ट एवं बिजली चोरी पर भी अंकुश लगेगा। उन्होंने परियोजना को ऋषिकेश के सुरक्षित, सुंदर और आधुनिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर विद्युत विभाग के अधिकारी, पार्षद, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




