उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली दिवस पर 1 अक्टूबर को विशेष कैंप व प्रशिक्षण

एनपीएस से जुड़ी समस्याओं का मौके पर होगा निस्तारण, नवीन प्रावधानों और डिजिटल टूल्स की दी जाएगी जानकारी

टिहरी गढ़वाल, 29 सितंबर(दिलीप शर्मा): राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को टिहरी गढ़वाल जिले में एनपीएस से संबंधित विशेष कैंप एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी कार्मिकों को एनपीएस की प्रक्रियाओं, नवीन प्रावधानों और डिजिटल सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही योजना से संबंधित समस्याओं का मौके पर निस्तारण करना है।

वरिष्ठ कोषाधिकारी, टिहरी गढ़वाल ने जिले के समस्त जिला स्तरीय आहरण एवं वितरण अधिकारियों (डीडीओ) से 1 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे आयोजित प्रशिक्षण एवं बैठक में प्रतिभाग करने का अनुरोध किया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनपीएस से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान सीआरए पोर्टल पर पंजीकरण, आहरण एवं वितरण अधिकारियों के दायित्व, वित्तीय लेनदेन, निकासी एवं एग्जिट नियम तथा डिजिटल टूल्स के उपयोग से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही एनपीएस के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन से जुड़ी प्रक्रियाओं को लेकर भी प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगा आयोजन

एनपीएस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जाएगा। ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभाग करने के लिए Google Meet का लिंक उपलब्ध कराया गया है। प्रतिभागी https://meet.google.com/yor-cxtz-ovh के माध्यम से प्रशिक्षण में जुड़ सकते हैं।

जिला सूचना अधिकारी के अनुसार, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एनपीएस से जुड़े कार्यों के प्रभावी निष्पादन के साथ सरकारी कार्मिकों को योजना के नवीन प्रावधानों एवं प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि एनपीएस संबंधी कार्यों का सुचारू एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button