



ऋषिकेश, 29 सितंबर(दिलीप शर्मा): श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पं. ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश में छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 के परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिए गए। मतदान के बाद हुई मतगणना में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी वैभव रावत ने एबीवीपी प्रत्याशी प्रियांशु कुमाई को 43 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. वी.के. गुप्ता ने मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए।

अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी वैभव रावत (पीजी डिप्लोमा इन यौगिक साइंस, प्रथम सेमेस्टर) को 1042 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एबीवीपी के प्रियांशु कुमाई (एम.कॉम प्रथम सेमेस्टर) को 999 मत प्राप्त हुए। इस तरह वैभव रावत ने 43 मतों के अंतर से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।

उपाध्यक्ष पद पर निकिता प्रजापति निर्वाचित
उपाध्यक्ष पद पर निकिता प्रजापति (एम.कॉम प्रथम सेमेस्टर) ने 1086 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी उदित झा (एम.ए. प्रथम सेमेस्टर, अर्थशास्त्र) को 940 मत प्राप्त हुए।
सचिव पद पर रेहान बन्दोलिया की शानदार जीत
सचिव पद पर रेहान बन्दोलिया (एम.कॉम प्रथम सेमेस्टर) को सर्वाधिक 1276 मत मिले। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी अखिल गुलियाल (एम.ए. प्रथम सेमेस्टर, समाजशास्त्र) को स्पष्ट अंतर से पराजित किया। अखिल गुलियाल को 744 मत प्राप्त हुए।
सह-सचिव पद पर कशिश राजपूत निर्वाचित
सह-सचिव पद पर कशिश राजपूत (एम.कॉम प्रथम सेमेस्टर) ने 1118 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनकी प्रतिद्वंद्वी कामना रांगड़ (एम.ए. प्रथम सेमेस्टर, इतिहास) को 896 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर अंजली कोठियाल निर्विरोध
कोषाध्यक्ष पद पर अंजली कोठियाल (एम.ए. प्रथम सेमेस्टर, अर्थशास्त्र) को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर कुणाल नेगी विजयी
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर कुणाल नेगी (बी.कॉम प्रथम सेमेस्टर) ने 876 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी प्रिंस (एम.ए. प्रथम सेमेस्टर, अर्थशास्त्र) को 856 मत, जबकि ओम जायसवाल (बी.कॉम तृतीय सेमेस्टर) को 295 मत प्राप्त हुए।
परिणाम घोषित होते ही परिसर में गूंजा जश्न
मतगणना पूरी होने और परिणामों की घोषणा के साथ ही कॉलेज परिसर में चुनावी गतिविधियों का दौर समाप्त हो गया। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में परिणाम घोषित होते ही उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत पर खुशी जताई और उन्हें बधाई दी।
छात्रसंघ चुनाव के परिणामों के साथ ही नव निर्वाचित पदाधिकारियों के सामने छात्रहितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और परिसर में छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करने की जिम्मेदारी भी आ गई है।




